सहकारी क्षेत्र में कृषि उत्पादों के निर्यात संवर्धन हेतु एपीडा एवं एनसीईएल के बीच करार
11-Sep-2025 11:29 AM
नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) तथा एक सहकारी एजेंसी- नेशनल को ऑपरेटिव एक्सपोर्टर्स लिमिटेड (एनसीईएल) द्वारा एक रणनीतिक भागीदारी को संचालित करने हेतु आपसी सहमति के एक समझौते (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया गया है जिसका उद्देश्य भारत से सहकारी क्षेत्र की अगुवाई में कृषि उत्पादों के होने वाले निर्यात को बढ़ावा और प्रोत्साहित करना है।
आपसी सहमति के समझौते पर वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर हुए जिसमें केन्द्रीय सहकारिता सचिव भी शामिल थे। सहकारिता मंत्रालय एवं वाणिज्य मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में एपीडा के चेयरमैन तथा एनसीईएल के प्रबंध निदेशक ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। केन्द्र सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत एवं गतिशील बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है।
सहकारिता सचिव का कहना है कि एपीडा की निर्यात सुविधा के साथ एनसीईएल के नेटवर्क का समन्वय होने से किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त करने का अवसर मिलेगा
और ग्रामीण क्षेत्र के आजीविका उपार्जन को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय निर्यात बाजार में भारत की स्थिति भी मजबूत होगी। हाल ही में लांच की गई राष्ट्रीय सहकारी नीति के उद्देश्यों को पूरा करने में भी इससे सहायता मिलेगी।
इस भागीदारी के अंतर्गत क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण, निर्यात के लिए क्वालिटी अनुपालन, बुनियादी ढांचों के स्पोर्ट तथा उसके विकास-विस्तार, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेलों में सहभागिता तथा इंटरनेशनल ब्रांडिंग पर खास ध्यान दिया जाएगा।
