सीमित कारोबार के साथ कनाडा में मटर का भाव स्थिर
17-Apr-2025 05:36 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मटर का भाव आमतौर पर शांत और स्थिर देखा जा रहा है। खरीदार फिलहाल थोड़ी बहुत मात्रा में केवल तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने के लिए इसकी
खरीद कर रहे हैं और भारी मात्रा में लिवाली नहीं करना चाहते हैं। चीन में कनाडाई मटर पर 20 मार्च से ही 100 प्रतिशत का आयात शुल्क लगा हुआ है जबकि भारत में 31 मई 2025 तक पीली मटर के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति दी गई है।
ये दोनों देश कनाडाई मटर के सबसे प्रमुख खरीदार है। कनाडा की मंडियों में पीली मटर का भाव पिछले कुछ दिनों से 9.50-10.00 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर बना हुआ है।
10 डॉलर प्रति बुशेल का मूल्य खासकर सस्कैचवान प्रान्त के दक्षिण-पूर्वी भाग में उस खास किस्म की मटर का है जो प्रोटीन निर्माण में काम आती है। इसके लिए उत्पादकों को कुछ खास शर्तों को पूरा करना आवश्यक होता है।
जहां तक हरी मटर का सवाल है तो इसकी लिवाली में कुछ खरीदारों द्वारा सक्रियता दिखाई जा रही है जिससे इसका भाव 16.50 डॉलर प्रति बुशेल पर अटका हुआ है।
अगली नई फसल की हरी मटर का अनुबंध मूल्य घटकर 12.50-13.00 डॉलर प्रति बुशेल पर आ गया है। कनाडा में मटर की छिटपुट बिजाई आरंभ हो गई है
मगर भारत और चीन जैसे विशाल बाजार में जारी अनिश्चितता को देखते हुए इसकी खेती में किसानों का उत्साह एवं आकर्षण कुछ घटने की संभावना है।
