सीमित कारोबार के साथ कनाडा में मटर का भाव स्थिर
09-Apr-2026 05:09 PM
रेगिना। घरेलू एवं निर्यात मांग सामान्य से कम होने के कारण पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मटर का भाव लगभग स्थिर बना हुआ है। वहां सस्कैचवान एवं अल्बर्टा जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में मटर की बिजाई शीघ्र ही आरंभ होने वाली है और किसान अपने खेतों को तैयार करने में व्यस्त हैं। मंडियों में माल की आवक सीमित हो गई है।
आमतौर पर पीली मटर का भाव सस्कैचवान प्रान्त में 8.50 डॉलर प्रति बुशेल के आसपास स्थिर बना हुआ है लेकिन अल्बर्टा में कहीं-कहीं 9 डॉलर प्रति बुशेल तक पहुंच गया है।
इसकी अगली नई फसल का अनुबंध मूल्य 7-8 डॉलर प्रति बुशेल के बीच बताया जा रहा है। अधिकतम 3 प्रतिशत चिपटे दाने के साथ हरी मटर का दाम 10-11 डॉलर प्रति बुशेल और मापले का मूल्य 11-12 डॉलर प्रति बुशेल चल रहा है।
कनाडा तथा अमेरिका में मटर की बिजाई का सीजन अप्रैल में औपचारिक तौर पर शुरू हो जाता है जबकि मई में इसकी जोरदार बिजाई होती है और अगस्त-सितम्बर में नई फसल कटकर मंडियों में आने लगती है।
