8 अप्रैल वाले सप्ताह में सामान्य से 76 प्रतिशत अधिक बारिश
09-Apr-2026 04:11 PM
नई दिल्ली। मौसम विभाग के आंकड़ों से पता चलता है कि 8 अप्रैल की समाप्त हुए सप्ताह के दौरान देश में 14.2 मि०मी० वर्षा हुई जो सामान्य औसत 8.1 मि०मी० से 76 प्रतिशत अधिक रही। इसी तरह 1 मार्च से 8 अप्रैल के बीच राष्ट्रीय स्तर पर 49.6 मि०मी० वर्षा दर्ज की गई जो सामान्य औसत 39 मि०मी० से 27 प्रतिशत ज्यादा है।
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान देश के चारों संभागों में सामान्य से अधिक बारिश हुई। इसके तहत पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में 10 प्रतिशत अधिक (27.1 मि०मी०) दक्षिणी प्रायद्वीप में भी 10 प्रतिशत (6.02 मि०मी०), पश्चिमोत्तर भारत में 158 प्रतिशत (20.6 मि०मी०) और मध्यवर्ती संभाग में 291 प्रतिशत (7 मि०मी०) अधिक वर्षा हुई।
देश के कुल 36 मौसम उपखंडों में से 21 में सामान्य से बहुत अधिक, 3 में अधिक तथा 3 अन्य में सामान्य के बराबर वर्षा दर्ज की गई। दूसरी ओर 4 उपखंडों में सामान्य से कम तथा 4 अन्य उपखंडों में बहुत कम या नगण्य बारिश हुई। केवल एक मौसम उपखंड ऐसा रहा जहां बारिश बिलकुल नहीं हुई।
