केन्द्रीय पूल में 602 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक
09-Apr-2026 03:09 PM
नई दिल्ली। यद्यपि खरीफ कालीन धान की सरकारी खरीद लगभग बंद हो चुकी है लेकिन भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) को राइस मिलर्स द्वारा कस्टम मिल चावल की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है।
उधर 1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद का नया मार्केटिंग सीजन आरंभ हो गया है जिससे आगामी समय में इसका स्टॉक बढ़ने के आसार हैं।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को केन्द्रीय पूल में कुल 602 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक मौजूद था जिसमें 380 लाख टन चावल एवं 222 लाख टन गेहूं की मात्रा शामिल थी। इससे पूर्व 6 मार्च 2026 को 364.74 लाख टन चावल एवं 236.22 लाख टन गेहूं के साथ कुल 600.96 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक बचा हुआ था।
इस तरह मार्च की तुलना में अप्रैल की शुरुआत के समय चावल का स्टॉक 15.26 लाख टन ज्यादा मगर गेहूं का स्टॉक 14.22 लाख टन कम था। 1 अप्रैल 2025 को 382.09 लाख टन चावल तथा 117.94 लाख टन गेहूं के साथ केन्द्रीय पूल में कुल 500.03 लाख टन खाद्यान्न का स्टॉक उपलब्ध था।
