सीमित निर्यात मांग से कनाडा में मसूर का भाव नरम

23-May-2025 05:37 PM

वैंकुवर। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मसूर का कारोबार सुस्त और भाव नरम पड़ गया है। विदेशी आयातक केवल तात्कालिक मांग एवं जरूरतों को पूरा करने के लिए सीमित मात्रा में इसकी खरीद कर रहे हैं और अगाऊ सौदे में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

सस्कैचवान एवं अल्बर्टा जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में मसूर की बिजाई की गति तेज हो गई है। सस्कैचवान प्रान्त में 19 मई 2025 तक 90 प्रतिशत चिन्हित क्षेत्र में बिजाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। वैसे पिछले साल के मुकाबले इस बार वहां मसूर का बिजाई क्षेत्र कुछ घट सकता है। 

सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में मसूर का क्षेत्रफल कुछ बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं जबकि राज्य के कई भागों में हाल के दिनों में अच्छी बारिश भी हुई है जिससे मसूर के उत्पादन में कुछ सुधार आने के आसार हैं।

खरीदारों को विश्वास है कि अतिरिक्त आपूर्ति के कारण कीमतों पर आगे कुछ और दबाव पड़ सकता है। सस्कैचवान प्रान्त में मसूर के अलावा मटर एवं काबुली चना की खेती भी बड़े पैमाने पर होती है।

राज्य में करीब 79 प्रतिशत चिन्हित क्षेत्र में दलहन फसलों की बिजाई हो चुकी है। मसूर के बीज में अंकुरण सामान्य देखा जा रहा है। अल्बर्टा प्रान्त में भी हालत संतोषजनक है। 

कनाडा में मोटी हरी मसूर का भाव फिलहाल 44 से 46 सेंट प्रति पौंड के बीच बताया जा रहा है। इसी तरह छोटी हरी मसूर का भाव मौजूदा स्टॉक के लिए 38-40 सेंट प्रति पौंड तथा आगामी नई फसल के लिए 34-36 सेंट प्रति पौंड चल रहा है।

लाल मसूर का दाम 32-33 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर है जबकि अगली फसल का भाव 28-30 सेंट प्रति पौंड बताया जाता है।

मसूर की बिजाई अगले एक-दो सप्ताह में समाप्त होने की संभावना है जबकि इसकी कटाई-तैयारी अगस्त-सितम्बर में शुरू होगी। भारत और तुर्की में कनाडाई मसूर की मांग कमजोर पड़ गई है।