साप्ताहिक समीक्षा-चीनी
13-Sep-2025 07:27 PM
मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप चीनी के दाम में उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली। मांग एवं आपूर्ति के आधार पर 6-12 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी भाव तथा हाजिर बाजार मूल्य में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
मिल डिलीवरी भाव
इसका मिल डिलीवरी मूल्य पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 रुपए प्रति क्विंटल, पंजाब में 80 रुपए, बिहार में 60 रुपए, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 35 रुपए एवं गुजरात में 20 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया।
कोटा
हालांकि केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने सितम्बर माह के लिए 23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी किया है जो अगस्त के कोटा 22.50 लाख टन से 1 लाख टन ज्यादा कर सितम्बर 2024 के कोटा 23.50 लाख टन के बराबर है मगर चीनी के दाम पर इस बढ़े हुए कोटे का कोई खास नकरात्मक असर नहीं देखा जा रहा है।
हाजिर भाव
चीनी के हाजिर बाजार मूल्य में मिश्रित रूख देखा गया। दिल्ली में इसका भाव 150 रुपए उछलकर 4300/4450 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया जबकि इंदौर में 4220/4320 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा मगर छत्तीसगढ़ के रायपुर में 20 रुपए गिरकर 4260/4325 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
मुम्बई
मुम्बई (वाशी) मार्किट में चीनी का हाजिर भाव 3980/4180 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा और नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य में भी 3930/4130 रुपए के स्तर पर कोई बदलाव नहीं देखा गया। उधर कोलकाता में चीनी का हाजिर भाव 20-30 रुपए की वृद्धि के साथ 4400/4440 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। वहां चीनी में अच्छी मांग देखी जा रही है।
टेंडर
चीनी का टेंडर मूल्य कर्नाटक में तो सुधरकर 3855/3950 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर महाराष्ट्र में कुछ गिरकर 3870/3960 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
क्रशिंग / उत्पादन
अगले महीने से गन्ना की क्रशिंग एवं चीनी के उत्पादन का नया मार्केटिंग सीजन आरंभ होने वाला है जबकि अक्टूबर में ही दशहरा (दुर्गापूजा) एवं दीपावली का त्यौहार भी है। मिलर्स चालू माह के कोटे को बेचने में ज्यादा जल्दबाजी नहीं दिखा रहे हैं।
मानसून
वैसे मानसून की सक्रियता घटने तथा तापमान में थोड़ी वृद्धि होने से चीनी की मांग सुधरने के संकेत मिल रहे हैं। 21 सितम्बर को पितर पक्ष समाप्त होने के बाद 22 सितम्बर से जब नवरात्रि आरंभ होगी तब चीनी की मांग एवं कीमत में कुछ सुधार आ सकता है।
