साप्ताहिक समीक्षा- चीनी

21-Feb-2026 06:19 PM

होली से पूर्व की कमजोर मांग से चीनी में मामूली उतार-चढ़ाव  

नई दिल्ली। अगले महीने के प्रथम सप्ताह में होली का त्यौहार मनाया जाएगा जिसके लिए चीनी की मांग आगामी दिनों में निकलने की उम्मीद है। इससे पूर्व 14 से 20 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान बाजार में काफी हद तक शांति का माहौल  देखा गया और सीमित कारोबार के बीच कीमतों में या तो स्थिरता देखी गई या फिर मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। 
मिल डिलीवरी भाव 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पंजाब, मध्य प्रदेश एवं बिहार में कोई बदलाव नहीं हुआ मगर पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 रुपए तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 30 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा दर्ज किया गया। दूसरी ओर गुजरात में चीनी का मिल डिलीवरी मूल्य 30-35 रुपए गिरकर 3761/3881 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
हाजिर बाजार 
हाजिर बाजार की हालत भी लगभग ऐसी ही रही। दिल्ली में इसका भाव 4320/4450 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा लेकिन इंदौर में 20 रुपए सुधरकर 4100/4200 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। रायपुर तथा कोलकाता में स्थिरता रही। 
मुम्बई 
मुम्बई (वाशी) में भी कोई बदलाव नहीं हुआ और नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य 3800/4000 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा। लेकिन महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी के टेंडर मूल्य में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। महाराष्ट्र में टेंडर मूल्य 30 रुपए तक सुधरकर 3690/3860 रुपए प्रति क्विंटल तथा कर्नाटक में 60 रुपए तक बढ़कर 3650/3810 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
कोटा 
फरवरी के लिए 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी हुआ है जो घरेलू मांग एवं जरूरत को पूरा करने के लिए पर्याप्त है। मिलर्स को अपने स्टॉक की बिक्री में कठिनाई हो रही है। अब होली की मांग पर उसकी उम्मीद टिकी हुई है। उम्मीद की जा रही थी कि निर्यात कोटे में 5 लाख टन का इजाफा होने से चीनी बाजार पर सकारात्मक मनोवैज्ञानिक असर पड़ेगा लेकिन अभी तक ऐसा कोई प्रभाव नहीं देखा जा रहा है।