साप्ताहिक समीक्षा- चीनी
24-May-2025 07:44 PM
सीमित कारोबार के बीच चीनी के दाम में रही नरमी
नई दिल्ली। मासिक कोटा सामान्य रहने, मिलर्स द्वारा बिकवाली का दबाव बढ़ाए जाने तथा औद्योगिक मांग कमजोर रहने से 17-23 मई वाले सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी भाव तथा हाजिर बाजार मूल्य में 10 से 40 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। भीषण गर्मी का प्रकोप होने के बावजूद खपतकर्ता उद्योग चीनी की खरीद में कोई जल्दबाजी नहीं दिखा रहा है और केवल तात्कालिक जरूरतों को पूरा करने हेतु सीमित मात्रा में इसकी लिवाली कर रहा है।
मिल डिलीवरी भाव
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान चीनी के मिल डिलीवरी मूल्य में पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं पंजाब में 40-40 रुपए प्रति क्विंटल, मध्य प्रदेश में 35 रुपए, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 रुपए तथा बिहार में 20 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज। गुजरात में भी इसमें 10 से 30 रुपए तक की नरमी रही।
हाजिर भाव
चीनी का हाजिर बाजार भाव दिल्ली में 40 रुपए घटकर 4260/4360 रुपए प्रति क्विंटल, इंदौर में 10 रुपए फिलसकर 4160/4260 रुपए प्रति क्विंटल तथा रायपुर में 10-25 रुपए गिरकर 4140/4200 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। लेकिन मुम्बई (वाशी) मार्केट में दाम 3930/4130 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा। नाका पोर्ट डिलीवरी मूल्य में भी कोई बदलाव नहीं देखा गया और यह 3880/4080 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा।
टेंडर
महाराष्ट्र और कर्नाटक में चीनी के टेंडर मूल्य में नरमी दर्ज की गई जिससे संकेत मिलता है कि डीलर्स-स्टॉकिस्ट इसकी खरीद में कम दिलचस्पी दिखा रहे थे।
उत्पादन / निर्यात
चीनी के उत्पादन या गन्ना की क्रशिंग का सीजन समाप्त हो चुका है और अब अगला नया सीजन अक्टूबर में आरंभ होगा। इस बीच चीनी के निर्यात की गति भी धीमी चल रही है क्योंकि इसका घरेलू बाजार भाव अपेक्षाकृत ऊंचा चल रहा है। 2024-25 के मार्केटिंग सीजन में चीनी के घरेलू उत्पादन में करीब 58 लाख टन की भारी गिरावट आने की संभावना है मगर पिछला बकाया स्टॉक ऊंचा रहने से इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है।
घरेलू बाजार भाव
चीनी के घरेलू बाजार मूल्य में आगामी कुछ सप्ताहों के दौरान सीमित उतार-चढ़ाव के साथ लगभग स्थिरता का माहौल बरकरार रहने के आसार हैं। अगस्त-सितम्बर में जब त्यौहारी सीजन आरंभ होगा तभी बाजार में बदलाव का वातावरण बन सकता है।
