साप्ताहिक समीक्षा-चावल-धान
30-Aug-2025 07:56 PM
विभिन्न पक्षों की मांग के अनुरूप धान-चावल के भाव में मिश्रित रुख
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में धान की सीमियत आवक हो रही है और राइस मिलर्स तथा प्रोसेसर्स की मांग एवं लिवाली के अनुरूप कहीं इसका भाव तेज हो कहीं मंदा चल रहा है। इस तरह चावल में घरेलू व्यापारियों तथा निर्यातकों की लिवाली सक्रियता के आधार पर कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। 23-29 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 2-3 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई और 1509 हैण्ड धान का भाव 307 रुपए उछलकर 2800/3157 रुपए रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
छत्तीसगढ़
हालांकि छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा तथा राजिम मंडियों में क्रमश: 5500-6500 बोरी तथा 4500-6000 बोरी धान की दैनिक आवक हुई लेकिन सामान्य कारोबार के बीच कीमतों में स्थिरता बनी रही।
मंडियां
पंजाब के अमृतसर, फाजिल्का एवं तरन तारन तथा उत्तर प्रदेश के दनकौर, एटा एवं मैनपुरी में धान की आवक नहीं या नगण्य हुई। लेकिन जहांगीराबाद एवं शाहजहांपुर में थोड़ी-बहुत मात्रा में बिकने के लिए धान पहुंचा जबकि कीमतों कोई खास बदलाव नहीं देखा गया। हरियाणा की मंडियां भी सुनसान रही / राजस्थान के कोटा-बूंदी में सीमित मात्रा में धान की आपूर्ति हुई। कोटा में भाव 50-100 रुपए नरम रहा।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो बेहतर निर्यात मांग के बावजूद समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान इसकी कीमतों में प्राय: नरमी का ही माहौल देखा गया। कई मंडियों में कीमत पुराने स्तर पर ही स्थिर रही। अमृतसर में बेहतर लिवाली से 1121 सेला बासमती चावल का भाव 500 रुपए उछलकर 8400/8500 रुपए प्रति क्विंटल तथा 1509 सेला का दाम 50 रुपए सुधरकर 6100/6150 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया मगर 1121 स्टीम और 1509 स्टीम के मूल्य में 50-50 रुपए की गिरावट आई। 1718 स्टीम का दाम 100 रुपए तेज रहा।
छत्तीसगढ़
राजिम मंडी में कमजोर मांग के कारण चावल के दाम में 100-300 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। इसके तहत बीपीटी स्टीम तथा श्रीराम स्टीम चावल के मूल्य में 100-100 रुपए और श्रीराम सेला तथा अर्द्ध सेला की कीमतों में 300-300 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी रही।
उत्तराखंड / राजस्थान
उत्तराखंड की नगर मंडी में सीमित कारोबार के साथ चावल का भाव स्थिर बना रहा जबकि राजस्थान के बूंदी में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया।
दिल्ली
दिल्ली के नया बाजार में चावल की मांग कमजोर रही और सीमित लिवाली के कारण विभिन्न किस्मों के चावल की कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई।
