साप्ताहिक समीक्षा- गेहूं
20-Sep-2025 08:07 PM
अच्छी आवक एवं सीमित मांग से गेहूं बाजार में नरमी
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण थोक मंडियों में माल की अच्छी आवक होने तथा मिलर्स प्रोसेसर्स की लिवाली सीमित होने से 13-19 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान गेहूं के दाम में आमतौर पर नरमी रही। दिल्ली में इसका भाव 15 रुपए गिरकर 2810/2840 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। दिल्ली में 13 सितम्बर को 13 हजार बोरी गेहूं की आवक हुई थी जो घटते हुए 19 सितम्बर को 6 हजार बोरी रह गई।
स्टॉक / बिक्री
मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण मंडियों में भी गेहूं के दाम में थोड़ी बहुत गिरावट दर्ज की गई क्योंकि इससे कारोबार सीमित हुआ। केन्द्र सरकार ने खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के माध्यम से अपने स्टॉक से बिक्री के लिए 30 लाख टन गेहूं का कोटा आवंटित किया है।
नीलामी
इसकी साप्ताहिक ई नीलामी की कोई निश्चित तिथि घोषित नहीं की गई है। थोक मंडियों में गेहूं का भाव सीमित उतार-चढ़ाव के साथ एक निश्चित सीमा में स्थिर बना हुआ है इसलिए सरकार ओएमएसएस आरम्भ करने में कोई जल्दबाजी नहीं दिखा रही है।
मांग / खपत
उम्मीद की जा रही है कि पीक त्यौहारी सीजन की वजह से अक्टूबर में गेहूं तथा इसके उत्पादों की मांग एवं खपत बढ़ने पर कीमतों में तेजी आ सकती है और तब सरकारी गेहूं की बिक्री शुरू हो सकती है। उसके बाद गेहूं की आपूर्ति का ऑफ सीजन आरंभ हो जाता है जो मार्च तक जारी रहता है।
राजस्थान
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान गेहूं का थोक मंडी भाव राजस्थान के कोटा में 50 रुपए बढ़कर 2525/2700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर बूंदी में 35 रुपए गिरकर 2530/2575 रूपए प्रति क्विंटल रह गया।
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में उज्जैन, डबरा एवं इटारसी में गेहूं का दाम कमजोर तथा अन्य मंडियों में लगभग स्थिर रहा। इसी तरह उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, गोंडा एवं मैनपुरी में गेहूं के मूल्य में 25-50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई।
गुजरात
गुजरात के राजकोट तथा महाराष्ट्र के जालना में गेहूं का भाव पुराने स्तर पर स्थिर बना रहा। गेहूं की बिजाई का सीजन नजदीक आ गया है और इसके समर्थन मूल्य की घोषणा भी जल्दी होने वाली है
