साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
08-Feb-2025 07:59 PM
सामान्य आवक के साथ अच्छी मांग रहने से मूंगफली का भाव सुधरा
नई दिल्ली। गुजरात एवं उत्तर प्रदेश की मंडियों में मूंगफली की सामान्य आवक हो रही है लेकिन नीचे दाम पर अच्छी लिवाली होने से 1-7 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान इसकी कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि दर्ज की गई।
गुजरात
गुजरात के गोंडल में 12 हजार बोरी तथा राजकोट में 8-10 हजार बोरी मूंगफली की दैनिक आवक हुई। गोंडल में भाव 50 रूपए सुधरकर 5000/5550 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा जबकि राजकोट मंडी में 6000/8000 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर बरकरार रहा।
आवक
उत्तर प्रदेश की झांसी, महोबा एवं मऊरानीपुर मंडी में मूंगफली की नियमित आवक हो रही है। झांसी में दैनिक आवक बढ़कर 1 फरवरी को 17,500 बोरी पर पहुंच गई।
भाव
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव झांसी में 100 रुपए, महोबा में 150 रुपए, मऊरानीपुर में 200 रुपए तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में 300 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया। लेकिन राजस्थान के जयपुर में यह 200 रुपए नरम पड़ गया।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली के दाने में मिलर्स एवं निर्यातकों की मांग बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं जिससे विभिन्न काउंट वाले माल के दाम में 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा दर्ज किया गया। जलगांव में 70/80 काउंट के दाने का भाव 300 रुपए की वृद्धि के साथ 10200 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। सोलापुर में 90/100 काउंट वाला दाना 300 रुपए तेज होकर 8100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल के दाम में 1-2 रुपए प्रति किलो की नरमी रही जबकि चेन्नई में इसका भाव 50 रुपए गिरकर 1520 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। लेकिन ब्रांडेड मूंगफली तेल में मांग मजबूत रहने से 30 रुपए तक का सुधार दर्ज किया गया। फिल्टर्ड तेल में सीमित कारोबार हुआ जबकि मूंगफली डीओसी में मांग कमजोर रहने से कीमत 500-700 रुपए प्रति टन नरम पड़ गई।
