साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
01-Mar-2025 08:14 PM
साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
उत्तर प्रदेश की मंडियों में मूंगफली का दाम 100-200 रुपए घटा
नई दिल्ली। सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- गुजरात की गोंडल एवं राजकोट मंडी में मूंगफली की अच्छी आवक हो रही है और वहां कीमत भी अपेक्षाकृत ऊंची है मगर उत्तर प्रदेश की झांसी, महोबा एवं मऊरानीपुर जैसी मंडियों में कीमतों पर दबाव जारी है और किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी नीचे दाम पर अपना उत्पाद बेचने के लिए विवश होना पड़ रहा है। सरकारी खरीद भी लगभग बंद हो चुकी है।
आवक
22-28 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान गोंडल मंडी में 13-14 हजार बोरी तथा राजकोट में 6-7 हजार बोरी मूंगफली की औसत दैनिक आवक हुई। राजकोट में भाव 6000/8000 रुपए प्रति क्विंटल एवं गोंडल में 5000/5700 रुपए प्रति क्विंटल रहा। सरकार ने 2024-25 सीजन के लिए मूंगफली का न्यूनतम समर्थन मूल्य 6783 रुपए प्रति क्विंटल नियत कर रखा है। इधर उत्तर प्रदेश की झांसी मंडी में 10-15 हजार बोरी की औसत दैनिक आवक के बीच मूंगफली का भाव 100 रुपए गिरकर 4000/4400 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। महोबा में भी सही स्थिति रही जहां 9-1 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई। मऊरानीपुर में भाव 200 रुपए घटकर 4100/4300 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।
दाना
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान छिलका रहित मूंगफली दाने में कारोबार सीमित देखा गया। मिलर्स एवं निर्यातक की कमजोर मांग के कारण कीमतों में कोई खास तेजी-मंदी नहीं देखी गई।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल की मांग कमजोर रहने से गुजरात में कीमत 25 रुपए प्रति 10 किलो नरम रही जबकि अन्य प्रांतों में कुछ मजबूत देखी गई। कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव 25 रुपए तेज रहा जबकि जयपुर में फिल्टर्ड तेल के एक ब्रांड का भाव 80 रुपए बढ़ गया।
मूंगफली डीओसी
मूंगफली डीओसी की मांग कमजोर बनी रही जिससे मिलर्स को दाम घटाकर इसकी बिक्री करनी पड़ी। मूंगफली दाना एवं इसके तेल में निर्यात मांग बढ़ने पर ही कीमतों में तेजी का माहौल बन सकेगा।
