साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

19-Apr-2025 08:09 PM

नीचे भाव पर लिवाली बढ़ने से मूंगफली के दाम में सुधार 

नई दिल्ली। हालांकि 12-18 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान गुजरात के राजकोट में मूंगफली की अच्छी तथा उत्तर प्रदेश के झांसी, महोबा तथा मऊरानीपुर में सामान्य आवक हुई मगर मिलर्स एवं व्यापारियों की अच्छी लिवाली होने से कीमतों में कुछ सुधार दर्ज किया गया। 
आवक 
राजकोट में 16 अप्रैल को मूंगफली की आवक बढ़कर 20 हजार बोरी पर पहुंच गई जबकि अन्य दिनों की आवक 6 से 10 हजार बोरी के बीच रही वहां मूंगफली का भाव 500 रुपए की वृद्धि के साथ 6000/8500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की मंडियों में 2-4 हजार बोरी की आवक के साथ मूंगफली के दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल का इजाफा हुआ लेकिन फिर भी यह एमएसपी से काफी नीचे चल रहा है। 
मूंगफली दाना 
छिलका रहित मूंगफली के दाने में कारोबार सीमित होने से कीमतों में कोई खास उतार-चढ़ाव नहीं आया लेकिन नागपुर में 50-60 काउंट तथा 60-70 काउंट वाले दाने का भाव 600 रुपए प्रति क्विंटल नरम पड़ गया। इसमें मिलर्स एवं निर्यातकों की मांग कमजोर देखी गई। 
मूंगफली तेल 
मूंगफली तेल की कीमतों में मिश्रित रुख रहा। गुजरात के गोंडल, जूनागढ़ एवं जाम नगर में मूंगफली तेल का भाव 15 रुपए प्रति 10 किलो नरम रहा जबकि राजकोट में कुछ सुधर गया। अहमदाबाद में कमजोर मांग से कीमत 10 रुपए नरम रही। राजस्थान के कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल की सीमित मांग के कारण कीमत में 50 रुपए प्रति टीन (15 किलो) की गिरावट दर्ज की गई। इसी तरह फिल्टर्ड तेल का मूल्य भी या तो स्थिर या कुछ नरम रहा। खरीफ सीजन के बाद अब मूंगफली की रबी कालीन फसल की आवक शुरू हो रही है जबकि आगे जायद सीजन की फसल भी आएगी। दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में मूंगफली दाने का भारी आयात होता है मगर फिलहाल वहां मांग सामान्य से कुछ कम देखी जा रही है।