साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली

30-Nov-2024 07:30 PM

नए माल की आवक बढ़ने से मूंगफली में नरमी मगर दाने का भाव मजबूत 

नई दिल्ली। खरीफ कालीन मूंगफली की नई फसल की आवक गुजरात एवं उत्तर प्रदेश की मंडियों में बढ़ने लगी है जिससे इसकी कीमतों में 22-28 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान गिरावट दर्ज की गई। लेकिन छिलका रहित मूंगफली दाने में क्रशर्स-प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों  की मांग सुधरने से इसका भाव मजबूत हो गया। 
आवक 
गुजरात के राजकोट में 22 एवं 27 नवम्बर को 35-35 हजार बोरी मूंगफली की आवक हुई। गोंडल में भी 35 हजार बोरी की आवक रही। इसी तरह उत्तर प्रदेश के झांसी में 25-30 हजार बोरी की आवक दर्ज की गई जबकि महोबा में 7500/9000 बोरी और मऊरानीपुर में 15-17 हजार बोरी की आवक हुई। भारी आवक की वजह से राजकोट में मूंगफली का भाव 950 रुपए लुढ़ककर 6000/6050 रुपए प्रति क्विंटल पर आया मगर गोंडल में 200 रुपए तथा बीकानेर में 400 रुपए बढ़ गया। झांसी, महोबा एवं मऊरानीपुर में मूंगफली का दाम 100/200 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा। 
मूंगफली दाना
मूंगफली के दाने का भाव बीकानेर में 200 रुपए, जलगांव में 100 तेज रहा। जलगांव में 60/70 काउंट वाले दाने की कीमत 500 रुपए उछलकर 10100 रुपए प्रति क्विंटल, 70/80 काउंट का 400 रुपए बढ़कर 9800 रुपए प्रति क्विंटल तथा 50/60 काउंट के दाने की कीमत 300 रुपए सुधरकर 10,500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गई। कुछ अन्य मंडियों में 100/200 रुपए की घट-बढ़ देखी गई। 
मूंगफली तेल 
लेकिन लूज रूप में मूंगफली तेल के दाम में 25/30 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट आई क्योंकि इसकी मांग कमजोर पड़ गई। राजकोट, जूनागढ़, जामनगर एवं बीकानेर में भाव नरम है। ब्रांडेड तेल में कुछ मजबूती रही मगर फिल्टर तेल में नरमी देखी गई। मूंगफली ऑयल केक में सीमित कारोबार के कारण स्थिरता बनी रही मगर डीओसी का व्यापार कम होने से भाव कुछ घट गया। इसमें 500 से 1000 रुपए प्रति टन की गिरावट दर्ज की गई। मूंगफली के नए माल की आवक बढ़ रही है।