साप्ताहिक समीक्षा- मूंगफली
30-Aug-2025 07:36 PM
मूंगफली एवं इसके उत्पादों में मांग सुस्त- कीमतों में बड़ा बदलाव नहीं
नई दिल्ली। खरीफ कालीन मूंगफली की बिजाई लगभग समाप्त हो चुकी है और राष्ट्रीय स्तर पर इसका उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के आसपास ही चल रहा है। अधिकांश भागों में फसल की हालत अच्छी बताई जा रही है।
आवक
प्रमुख मंडियों में आवक की गति सामान्य है और मांग तथा आपूर्ति के बीच संतुलन होने से कीमतों में स्थिरता देखी जा रही है।
मूंगफली
23-29 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव राजस्थान के बीकानेर में 5300 रुपए प्रति क्विंटल, महाराष्ट्र के सोलापुर में 6500 रुपए प्रति क्विंटल तथा उत्तर प्रदेश के झांसी में 4400/5000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा लेकिन महोबा में 100 रुपए बढ़कर 4800/5200 रुपए प्रति क्विंटल एवं मऊरानीपुर में 50 रुपए सुधरकर 4700/4950 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। मूंगफली की आवक झांसी में 2000 बोरी, महोबा में 225/250 बोरी तथा मऊरानीपुर में 225 बोरी दैनिक दर्ज की गई।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली के दाने में मिलर्स एवं निर्यातक की मांग कमजोर रही। इंडोनेशिया ने भारत से 3 सितम्बर से मूंगफली के आयात पर अगले आदेश तक के लिए रोक लगाने की घोषणा की है जिससे इसकी कीमतों में आगे कुछ नरमी आ सकती है। वैसे पुराने सौदों का शिपमेंट जारी रहेगा। बीकानेर में 40/50 काउंट वाले दाने का भाव 9000 रुपए प्रति क्विंटल, 50/60 काउंट का 8600 रुपए तथा 60/70 काउंट वाले दाने का दाम 8300 रुपए प्रति क्विंटल के पिछले स्तर पर स्थिर रहा। महाराष्ट्र के नागपुर में भी 50/60 काउंट वाले दाने का मूल्य 10300 रुपए तथा 60/70 काउंट वाले का 9700 रुपए प्रति क्विंटल पर बरकरार रहा।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल में मांग कमजोर रही जिससे गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में इसका भाव 25 रुपए की नरमी के साथ 1325 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। राजकोट में 15 किलो वाले तेलिया टीन का दाम भी 35 रुपए गिरकर 2130 रुपए पर आ गया। इसके अलावा अहमदाबाद, मुम्बई, चेन्नई एवं हैदराबाद में भी मूंगफली तेल के दाम में 20-25 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट दर्ज की गई।
ब्रांडेड तेल
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव 2400 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा जबकि जयपुर और नेवाई / टोंक में फिल्टर्ड मूंगफली तेल के दाम में 25 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट आई। डीओसी की कीमतों में भी नरमी रही।
