साप्ताहिक समीक्षा-मूंगफली
13-Sep-2025 07:54 PM
राजकोट-सोलापुर में भाव तेज- यूपी की मंडियां सुस्त
नई दिल्ली। मूंगफली के कारोबार एवं मूल्य में 6-12 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान मिश्रित रुख देखा गया। एक तरफ इसका भाव गुजरात के राजकोट में 750 रुपए उछलकर 6000/8000 रुपए प्रति क्विंटल तथा महाराष्ट्र के सोलापुर में 300 रुपए बढ़कर 6800 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा जबकि दूसरी ओर उत्तर प्रदेश (यूपी) के झांसी में 300 रुपए घटकर 4400/4800 रुपए प्रति क्विंटल, महोबा में 100 रुपए गिरकर 4800/5000 रुपए प्रति क्विंटल तथा मऊरानीपुर में भी 100 रुपए गिरकर 4600/4900 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। राजस्थान के बीकानेर में भी मूंगफली कीमत 100 रुपए की नरमी के साथ 5200 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गई।
आवक
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान राजकोट में 2000-4000 बोरी, झांसी में 1000-1500 बोरी, महोबा में 100-125 बोरी तथा मऊरानीपुर में 200/250 बोरी मूंगफली की दैनिक आवक हुई। छिलका रहित मूंगफली दाने का भाव बीकानेर में 1000/1200 रुपए प्रति क्विंटल घट गया क्योंकि मिलर्स एवं निर्यातकों द्वारा इसकी खरीद में बहुत कम दिलचस्पी दिखाई गई। इंडोनेशिया द्वारा भारतीय मूंगफली के आयत पर अस्थायी रोक लगाए जाने से निर्यातकों की सक्रियता में कमी आ गई है।
मूंगफली तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल का कारोबार सुस्त रहने से गुजरात के राजकोट, गोंडल, जूनागढ़ एवं जामनगर में कीमत 25 रुपए गिरकर 1325 रुपए प्रति 10 किलो रह गई। राजकोट में 15 किलो वाले तेलिया टीन का दाम 10 रुपए नरम पड़ कर 2140 रुपए रह गया। अहमदाबाद, बीकानेर नेवाई / टोंक तथा चेन्नई में भी मूंगफली तेल की कीमत नरम रही।
ब्रांडेड तेल
कोटा में ब्रांडेड मूंगफली तेल का भाव 2350 रुपए प्रति टीन (15 लीटर) पर स्थिर रहा जबकि जयपुर एवं नेवाई / टोंक में फिल्टर्ड मूंगफली तेल की कीमतों में कोई खास घटबढ़ नहीं हुई। खरीफ कालीन मूंगफली की बिजाई समाप्त हो चुकी है। गुजरात में क्षेत्रफल बढ़ा है।
