Home News

साप्ताहिक समीक्षा-मटर

19-Sep-2026 08:09 PM

साप्ताहिक समीक्षा-मटर
मटर में सीमित उपलब्धता से तेजी की संभावना, कमजोर बिक्री ने फिलहाल रोकी बढ़त

कानपुर। बढ़े हुए भावों पर बिक्री कमजोर पड़ने के कारण चालू सप्ताह के दौरान मटर की कीमतों में गिरावट का रुख रहा। हालांकि, बाजार में उपलब्धता लगातार सीमित होने और आगामी त्योहारी मांग को देखते हुए आने वाले समय में मटर की कीमतों में तेजी की संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं। आयातित मटर की आपूर्ति को लेकर भी बाजार में चिंता बढ़ रही है। रूस से मार्च से पहले बड़ी मात्रा में मटर की सप्लाई आने की संभावना फिलहाल कम मानी जा रही है। ऐसे में आने वाले महीनों में आयातित मटर की उपलब्धता पर दबाव बढ़ सकता है। दूसरी ओर, प्रमुख बंदरगाहों पर मटर का स्टॉक लगातार घट रहा है। कोलकाता पोर्ट पर कनाडाई मटर की उपलब्धता लगभग नगण्य बताई जा रही है। पोर्ट स्टॉक में कमी से आयातित मटर की तत्काल उपलब्धता प्रभावित हो सकती है, जिसका असर घरेलू बाजार पर देखने को मिल सकता है।घरेलू बाजार के लिए एक अन्य सकारात्मक पहलू यह है कि पुरानी देसी मटर का स्टॉक लगभग समाप्त हो चुका है। वहीं, अक्टूबर से नई देसी मटर की बिजाई शुरू होने के साथ बीज की मांग बढ़ने की उम्मीद है। इससे उपलब्ध मटर पर अतिरिक्त मांग का दबाव बन सकता है। आगामी त्योहारी सीजन और दिवाली की खरीदारी शुरू होने के साथ घरेलू मटर की मांग में सुधार की संभावना है। यदि त्योहारी मांग में अपेक्षित बढ़ोतरी होती है, तो दाल मिलों एवं व्यापारियों की लिवाली मजबूत हो सकती है। कुल मिलाकर, बढ़े भावों पर कमजोर बिक्री के कारण फिलहाल तेजी सीमित है, लेकिन सीमित घरेलू उपलब्धता, घटते पोर्ट स्टॉक, पुराने देसी मटर के लगभग समाप्त होते स्टॉक और आगामी त्योहारी मांग को देखते हुए बाजार में आगे मजबूती की संभावना बनी हुई है। आयातित मटर की उपलब्धता में कमी आने पर कीमतों को अतिरिक्त समर्थन मिल सकता है। आयतको की बिकवाली बढ़ने व लिवाली कमजोर पड़ने से चालू साप्ताह के दौरन आयातित मटर की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गयी और सप्ताहांत में भाव मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4725/4750 रुपये तथा रूस 4475/4500 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। वहीं हजीरा मुंबंदरगाह पर कनाडा मटर 4725/4750 रुपये और रूस मटर 4500 रुपये प्रति क्विंटल रह  गए। लिवाली कमजोर और मांग सिमित बनी रहने से चालू सप्ताह के दौरान घरेलू मंडियों में भी मटर की कीमतों में गिरावट का रुख रहा। सुस्त  मांग के चलते प्रमुख उत्पादक एवं वितरण मंडियों में मटर के भावों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। और इस गिरावट के साथ भाव कानपुर 4800 रुपए ललितपुर 4100/4500 रुपए महोबा 4300/4700 रुपए व दमोह 4100/4400 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। 
कनाडा 
कनाडा के प्रमुख दलहन उत्पादक प्रांत सस्कैचवान में मटर की कटाई की तैयारियां जोरशोर से जारी हैं। हालांकि, आगे भाव बढ़ने की उम्मीद में उत्पादक स्टॉक रोकने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे मंडियों में खरीद-बिक्री की गति धीमी बनी हुई है। व्यापारियों और निर्यातकों की नजर फिलहाल विदेशी बाजारों पर है। खरीदार कनाडा में मटर उत्पादन के अंतिम आंकड़े का इंतजार कर रहे हैं और ऊंचे भाव पर जल्दबाजी में खरीद से बच रहे हैं। चालू मार्केटिंग सीजन 2026-27 की शुरुआत में करीब 11.80 लाख टन का भारी बकाया स्टॉक मौजूद था, जो पिछले वर्षों की तुलना में काफी अधिक है। इससे मटर की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। हालांकि, रूस से काला सागर मार्ग के जरिए मटर की शिपमेंट प्रभावित होने से कनाडाई मटर को कुछ समर्थन मिल रहा है। यदि आपूर्ति बाधित रहती है तो चीन और भारत जैसे प्रमुख आयातक देशों में कनाडाई मटर की मांग बढ़ सकती है। भारत में मुख्यतः पीली मटर का आयात होता है और हाल में इसके घरेलू भाव में कुछ मजबूती देखी गई है।
मटर दाल  
लिवाली कमजोर पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 100/150 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 5250/5350 रुपए व इंदौर 5500/560 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।