साप्ताहिक समीक्षा- सरसों
24-May-2025 08:28 PM
मिलर्स एवं व्यापारियों की बेहतर लिवाली से सरसों में अच्छी तेजी
नई दिल्ली। सरसों तथा इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों में 17-23 मई वाले सप्ताह के दौरान अच्छा कारोबार हुआ जिससे इसकी कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। मंडियों में अच्छी क्वालिटी के सूखे माल की आवक ज्यादा हो रही है जिससे मिलर्स इसकी खरीद में भारी दिलचस्पी दिखा रहे है। सरसों तेल का दाम ऊंचा हुआ है और खल की मांग भी सुधार रही है।
42% कंडीशन सरसों
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रति कंडीशन (तेल रिकवरी) वाली सरसों का भाव दिल्ली में 150 रुपए बढ़कर 6450 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 175 रुपए बढ़कर 6600/6625 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया।
सरसों
सामान्य औसत क्वालिटी वाली सरसों की कीमतों में भीअच्छी वृद्धि दर्ज की गई। गुजरात की डीसा मंडी में दाम 250 रुपए उछल गया। हरियाणा की मंडियों में 100-125 रुपए की तेजी रही जबकि सिरसा मंडी में भाव 300 रुपए की जोरदार बढ़ोत्तरी के साथ 6000/6300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। मध्य प्रदेश में पोरसा एवं ग्वालियर की मंडी में सरसों के दाम में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई। उत्तर प्रदेश की हापुड़ मंडी में सरसों का भाव 100 रुपए बढ़कर 6650 रुपए प्रति क्विंटल तथा आगरा में 50 रुपए सुधरकर 6900/7225 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त- राजस्थान की सभी प्रमुख मंडियों- भरतपुर, अलवर, कोटा, खैरथल, बीकानेर एवं बूंदी आदि में सरसों का भाव तेज रहा।
सरसों तेल
सरसों का भाव ऊंचा एवं तेज होने से सरसों तेल की कीमतों में भी 2 से 6 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। एक्सपेलर का मूल्य दिल्ली में 20 रुपए सुधरकर 1370 रुपए प्रति 10 किलो, चरखी दादरी में भी 20 रुपए सुधरकर 1385 रुपए, मुम्बई में 45 रुपए बढ़कर 1395 रुपए तथा भरतपुर में 60 रुपए उछलकर 1390 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। इसी तरह कच्ची घानी सरसों तेल के दाम में भी वृद्धि हुई।
आवक
घरेलू मंडियों में सरसों की आवक 17 मई को 3.60 लाख बोरी, 19 मई को 4.65 लाख बोरी, 20 मई को 4.50 लाख बोरी, 21 मई को भी 4.50 लाख बोरी तथा 22 एवं 23 मई को 5-5 लाख बोरी हुई।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल में सीमित कारोबार होने से कीमतों में मिश्रित रूख देखा गया जबकि डीओसी में मांग कमजोर रहने से दाम में थोड़ी नरमी दर्ज की गई।
