साप्ताहिक समीक्षा-सरसों
13-Sep-2025 07:50 PM
ऊंचे भाव पर कारोबार मध्यम होने से सरसों में सीमित नरमी
नई दिल्ली। मंडियों में आवक लगभग सामान्य होने मगर मांग एवं उठाव मध्यम होने से सरसों की कीमतों में 6-12 सितम्बर को सप्ताह में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी देखी गई। रबी सीजन की सबसे प्रमुख तिलहन फसल की बिजाई अक्टूबर-नवम्बर में जोर पकड़ सकती है। ऊंचे मंडी भाव से किसानों को आकर्षक आमदनी प्राप्त होने से इस वर्ष सरसों की खेती में उसका उत्साह बढ़ने की संभावना है जिससे अगला उत्पादन बेहतर हो सकता है।
42% कंडीशन सरसों
हालांकि समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान 42 प्रतिशत कंडीशन वाली सरसों का भाव दिल्ली में 7100 रुपए प्रति क्विंटल तथा जयपुर में 7300/7325 रुपए प्रति क्वीनलत के पिछले स्तर पर बरकरार रहा।
सरसों
सामान्य औसत क्वालिटी की सरसों का दाम गुजरात, हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश में या तो नरम या स्थिर रहा। कुछ मंडियों में सरसों की कीमतों में 25-50 रुपए की तेजी भी रही। बीकानेर में सरसों का भाव 262 रुपए घटकर 6000/6400 रुपए तथा बूंदी में 100 रुपए गिरकर 6200/6500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया मगर कोटा में 100 रुपए की वृद्धि के साथ 6300/6700 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। मध्य प्रदेश की मंडियों में 50 रुपए की नरमी रही।
सरसों तेल
सरसों की भांति इसके तेल की कीमतों में भी आमतौर पर 2-3 रुपए प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई मगर दिल्ली में एक्सपेलर का दाम 10 रुपए सुधरकर 1535 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया। चरखी दादरी में भी 10 रुपए की मजबूती रही। दूसरी ओर मुरैना, भरतपुर एवं हापुड़ सहित अन्य केन्द्रों में सरसों तेल की कीमतों में नरमी देखी गई। कोटा में कच्ची घानी सरसों तेल का भाव 41 रुपए बढ़कर 1631 रुपए प्रति 10 किलो पर पहुंच गया जबकि एक्सपेलर का दाम 5 रुपए नरम रहा।
सरसों खल (डीओसी)
सरसों खल एवं डीओसी का कारोबार कुछ बेहतर रहने से इसकी कीमतों में सुधार दर्ज किया गया। दिल्ली में सरसों खल के दाम में 160-200 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई और सरसों डीओसी का भाव कोटा के एक प्लांट में 700 रुपए प्रति टन तथा कानपुर की एक इकाई में 500 रुपए प्रति टन की तेजी के साथ क्रमश: 16,800 रुपए एवं 17000 रुपए प्रति टन पर पहुंच गया।
