साप्ताहिक समीक्षा- सोयाबीन
30-Aug-2025 07:31 PM
ऊंचे स्तर पर मिलर्स की कमजोर मांग से सोयाबीन के दाम पर दबाव
नई दिल्ली। पिछले कुछ सप्ताहों से सोयाबीन के दाम में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ था और इसका भाव बढ़कर न्यूनतम समर्थन मूल्य (4892 रुपए प्रति क्विंटल) पर या उससे भी ऊपर पहुंच गया था लेकिन इस ऊंचे स्तर पर क्रशिंग-प्रोसेसिंग की मांग कमजोर पड़ने से 23-29 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान इस महत्वपूर्ण तिलहन की कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई।
प्लांट भाव
तीनों शीर्ष उत्पादक राज्यों- मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में सोयाबीन का कारोबार कमजोर रहा जिससे इसका प्लांट डिलीवरी मूल्य घटकर 4600/4700 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष से पीछे चल रहा है और कुछ इलाकों में अत्यधिक वर्षा एवं बाढ़ से फसल को नुकसान होने की खबर भी मिल रही है।
सोया तेल (रिफाइंड)
सोयाबीन के कमजोर भाव से सोया रिफाइंड तेल की कीमतों में भी 2-4 रुपए प्रति किलो की नरमी आ गई। मध्य प्रदेश के देवास, मंदसौर, पीथमपुर तथा उज्जैन की एक-दो इकाइयों में इसके दाम में 18 से 40 रुपए प्रति 10 किलो की नरमी दर्ज की गई। इसी तरह महाराष्ट्र के प्लांटों में भी 20-30 रुपए प्रति 10 किलो की गिरावट रही। नागपुर के एक प्लांट में भाव 45 रुपए घटकर 1225 रुपए प्रति 10 किलो रह गया। सोया रिफाइंड तेल का भाव कोटा में 1260 रुपए प्रति 10 किलो पर स्थिर रहा मगर मुम्बई में 10 रुपए गिरकर 1250 रुपए तथा कांडला एवं हल्दिया में 20-20 रुपए घटकर क्रमश: 1220 रुपए एवं 1205/1210 रुपए प्रति 10 किलो पर आ गया। सोया रिफाइंड तेल की घरेलू मांग कुछ कमजोर पड़ गई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार और खासकर अर्जेन्टीना में क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल का भाव कमजोर रहा।
सोया खल (डीओसी)
सोया डीओसी में घरेलू एवं निर्यात मांग कुछ सुस्त देखी गई। पशु आहार एवं पॉल्ट्री फीड उद्योग को अच्छी मात्रा में सस्ता डीडीजीएस प्राप्त हो रहा है इसलिए महंगे सोयामील की खरीद में उसकी दिलचस्पी घट गई। उधर अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अर्जेन्टीना एवं ब्राजील का सोयामील सस्ते दाम पर उपलध हो रहा है और शिकागो एक्सचेंज पर भी दबाव बना हुआ है इसलिए दक्षिण एशिया एवं दक्षिण-पूर्व एशिया के आयातक देशों में भारतीय सोयामील की खरीद कम हो रही है।
