साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल

01-Mar-2025 08:03 PM

साप्ताहिक  समीक्षा-धान-चावल      

मिलर्स एवं निर्यातकों की मांग के अनुरूप धान-चावल में मिश्रित रुख
     
नई दिल्ली। विभिन्न मंडियों में धान की आवक एवं मिलर्स- प्रोसेसर्स की मांग के अनुरूप कीमतों में सीमित उतार-चढ़ाव देखा गया। 22-28 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में धान की आवक 14 हजार बोरी से घटती हुई 3 हजार बोरी रह गई जबकि 1509 हैण्ड तथा 1718 धान का भाव 90 रुपए तथा 147 रुपए घटकर क्रमश: 2650 रुपए एवं 2825 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। नजफगढ़ मंडी में 1000-1500 बोरी की आवक हो रही है। भाटापाड़ा में विष्णु भोग धान का भाव 300 रुपए बढ़कर 5000 रुपए प्रति क्विंटल हो गया।
उत्तर प्रदेश  
उत्तर प्रदेश की एटा मंडी में 3000-5000 बोरी, मैनपुरी में 4000-5000 बोरी, शाहजहांपुर में भी 4000-5000 बोरी, अलीगढ़ में 10-12 हजार बोरी तथा खैर मंडी में 7000 बोरी धान की दैनिक आवक हुई। उन मंडियों में धान की कीमतों में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। 
आवक 
मंडियों में खरीफ कालीन सामान्य श्रेणी के धान की आवक नगण्य हो रही है मगर बासमती धान की आपूर्ति घटती-बढ़ती रहती है। जब मंडी भाव ऊंचा रहता है तब आवक बढ़ जाती है और जब मांग कमजोर पड़ने से कीमत नीचे आती है तब किसान भी कम धान वहां लाते हैं। रबी कालीन धान की आवक अप्रैल में शुरू होने वाली है और इसकी सरकारी खरीद भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाएगी।  
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान इसकी अच्छी मांग देखी गई जिससे कई मंडियों में भाव 100-200 रुपए प्रति क्विंटल तेज रहा। भाटापाड़ा मंडी में श्रीराम तथा विष्णु भोग चावल का भाव 100-100 रुपए की वृद्धि के साथ क्रमश: 6300/6400 रुपए प्रति क्विंटल तथा 8500/8600 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। खाड़ी क्षेत्र के देशों में रमजान की अच्छी मांग निकलने से अमृतसर में 1121 सेला चावल का भाव 150 रुपए बढ़कर 7900/8000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा लेकिन 1401 स्टीम का दाम इतना ही घटकर 5900/5950 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
राजस्थान 
राजस्थान की बूंदी मंडी में 1121 एवं सुगंधा चावल का भाव कुछ मजबूत हुआ। हरियाणा की सुप्रसिद्ध करनाल मंडी में 1718 सेला, 1718 स्टीम तथा शरबती सेला चावल के दाम में 300-300 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली के नया बाजार सहित अन्य मंडियों में चावल का भाव पिछले स्तर पर ही बरकरार रहा।