साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल

19-Apr-2025 08:44 PM

मांग तथा आपूर्ति के अनुरूप धान-चावल के दाम में मिश्रित रुख 
 
नई दिल्ली। वैश्विक निर्यात बाजार में चावल का भाव नरम पड़ने से भारतीय शिपर्स को भी ऑफर मूल्य घटाने के लिए विवश होना पड़ रहा है इसलिए मिलर्स- प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों को घरेलू मंडियों में ऊंचे दाम पर धान और चावल खरीदने का प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। भारतीय मंडियों में खरीफ कालीन गैर बासमती धान की बहुत कम आवक हो रही है जबकि रबी कालीन धान की कटाई-तैयारी अभी जोर नहीं पकड़ पाई है। बासमती धान भी पहले की तुलना में कम आ रहा है। 
दिल्ली 
12 से 18 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 6 से 12 हजार बोरी के बीच धान की दैनिक आवक हुई और वहां 1509 हैण्ड के दाम में 140 रुपए तथा 1847 के भाव में 100 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया। नजफगढ़ मंडी में नगण्य आवक के साथ धान का भाव स्थिर बना रहा। 
आवक 
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में 500 बोरी तथा राजिम मंडी में 1000/1200 बोरी धान की दैनिक आपूर्ति हुई जबकि खरीदारों की मांग कमजोर रहने से कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई। पंजाब के अमृतसर में 16-17 अप्रैल को 3-3 हजार बोरी धान आया मगर  कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की विभिन्न मंडियों- एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर तथा अलीगढ़ में धान की सीमित आवक होने के बावजूद सुस्त कारोबार के कारण कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल का उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। अन्य मंडियों में धान की नगण्य आवक हुई। 
राजस्थान 
राजस्थान के बूंदी में रोजाना 10 से 15 हजार बोरी के बीच धान की आवक हो रही है और वहां खरीदार अच्छी मात्रा में इसकी लिवाली भी कर रहे हैं जिससे सप्ताह के दौरान सुगंधा तथा 1847 के दाम में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि दर्ज की गई। कोटा मंडी में 3 से 5 हजार बोरी के बीच धान की दैनिक आवक हुई मगर कीमत कुछ नरम पड़ गई।  
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो अधिकांश मंडियों में सुस्त कारोबार के कारण इसकी कीमतों में स्थिरता का माहौल बना रहा। अमृतसर में 1509 सेला का भाव 50 रुपए तथा 1401 स्टीम का दाम 100 रुपए प्रति क्विंटल सुधर गया। बूंदी में 1509 चावल की कीमत 50 रुपए तेज और 1718 सेला की कीमत 125 रुपए प्रति क्विंटल नरम रही। हरियाणा की बेंचमार्क करनाल मंडी में 1509 स्टीम चावल का भाव 100 रुपए सुधकर 6200/6300 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। 
दिल्ली 
दिल्ली के नया बाजार में कुछ किस्मों के चावल में अच्छा कारोबार होने से कीमतों में 100-200 रुपए क्विंटल की तेजी दर्ज की गई। बासमती चावल का निर्यात प्रदर्शन बेहतर चल रहा है।