साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
24-May-2025 09:10 PM
कम आवक एवं सामान्य कारोबार से धान-चावल में सीमित उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली । कुछेक केन्द्रों को छोड़कर देश की अधिकांश मंडियों में धान की आवक बहुत कम हो रही है और मिलर्स तथा निर्यातकों की मांग के अनुरूप इसके दाम में सीमित उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। अगले महीने से खरीफ कालीन धान की रोपाई शुरू हो जाएगी।
आवक
फिलहाल कुछ प्रांतों में रबी कालीन धान के नए माल की आवक हो रही है। 17 से 23 मई वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 7 से 10 हजार बोरी के बीच धान की रोजान आवक हुई और कीमतों में थोड़ी तेजी रही। इसके तहत 1121 धान का भाव 90 रुपए बढ़कर 4340 रुपए प्रति क्विंटल, 1509 हैण्ड का मूल्य 121 रुपए बढ़कर 3121 रुपए प्रति क्विंटल तथा 1718 का दाम 52 रुपए सुधरकर 3770 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। लेकिन 1847 धान की कीमत 50 रुपए नरम रही।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में 500-700 बोरी धान की दैनिक आपूर्ति हुई और लिवाली कम होने से भाव स्थिर रहे। लेकिन राजिम मंडी में 8 से 12 हजार बोरी की रोजाना आवक के साथ मांग कुछ कमजोर रहने से कीमतों में 30 से 70 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी देखी गई।
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर तथा अलीगढ़ की मंडियों में खासकर बासमती धान की आपूर्ति हो रही है। कारोबार ठीक-ठाक होने से कीमतों में 50-100 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार देखा गया।
हरियाणा
हरियाणा की मंडियों में धान की आवक नहीं या नगण्य हो रही है। लेकिन राजस्थान की बूंदी मंडी में रोजाना 10-15 हजार बोरी तथा कोटा मंडी में 4-5 हजार बोरी धान की आपूर्ति हुई। वहां कीमत नरम रही। महाराष्ट्र की गोंदिया मंडी में 3 हजार बोरी की दैनिक आवक के साथ धान का भाव स्थिर बना रहा।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो अनेक मंडियों में इसका भाव पुराने स्तर पर स्थिर देखा गया। हाल के सप्ताहों में बासमती चावल के वैश्विक बाजार मूल्य में तेजी आई है और इसके निर्यात में भारत को सिर्फ पाकिस्तान की चुनौती का सामना करना पड़ता है जबकि वहां से इसके निर्यात शिपमेंट की हालत खराब चल रही है। गैर बासमती या सामान्य श्रेणी के चावल का निर्यात मूल्य थोड़े उतार-चढ़ाव के साथ स्थिर बना हुआ है। भारत में निर्यात योग्य चावल का विशाल स्टॉक मौजूद है और डॉलर के मुकाबले रुपए की विनिमय दर भी अनुकूल है लेकिन फिर भी आयातक देशों में मांग कमजोर बनी हुई है।
अमृतसर
अमृतसर में सप्ताह के दौरान बासमती चावल के दाम में 100-150 रुपए प्रति क्विंटल और उत्तराखंड की नगर मंडी में 100-300 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। राजस्थान के बूंदी में भी चावल का भाव 50-75 रुपए सुधर गया। हरियाणा की करनाल मंडी में स्थिरता रही मगर दिल्ली के नया बाजार में अधिकांश किस्मों एवं श्रेणियों के चावल के दाम में 100 से 200 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई।
