साप्ताहिक समीक्षा-धान-चावल
13-Sep-2025 07:59 PM
मिलर्स-प्रोसेसर्स की कमजोर मांग से धान में नरमी : चावल में कारोबार सामान्य
नई दिल्ली। मौजूदा खरीफ सीजन के दौरान धान का कुल उत्पादन क्षेत्र उछलकर 438.28 लाख हेक्टेयर के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया है जो पिछले साल की समान अवधि के रकबा 418.66 लाख हेक्टेयर से 19.62 लाख हेक्टेयर तथा सामान्य औसत क्षेत्रफल 403.30 लाख हेक्टेयर से करीब 35 लाख हेक्टेयर अधिक है।
पंजाब / हरियाणा
लेकिन पंजाब-हरियाणा में आई बाढ़ से खासकर बासमती धान की फसल को नुकसान होने की आशंका है। वैसे उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान जैसे राज्यों में फसल की हालत संतोषजनक बताई जा रही है। पूर्वी भारत में बारिश दीर्घकालीन औसत से 20 प्रतिशत कम हुई है और दक्षिणी राज्यों में कुछ इलाकों म भी वर्षा की कमी महसूस की जा रही है। अन्य क्षेत्रों में फसल की हालत संतोषजनक है। धान का कारोबार धीमा हो गया है। अगले महीने से इसके नए माल की आपूर्ति आरंभ हो जाएगी और खरीदारों का ध्यान उस पर ही केन्द्रित है। बासमती धान की फसल को पंजाब में कुछ नुकसान हुआ है।
नरेला
6 से 12 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में धान की आवक लगातार बढ़ती रही और 12 सितम्बर को बढ़कर 13,000 बोरी पर पहुंच गई। नई फसल की कटाई से पूर्व किसान अपने पुराने स्टॉक को बेचने का प्रयास कर रहे हैं मगर मंडियों में इसकी ज्यादा मांग नहीं है। नरेला मंडी में 1509 हैण्ड धान का भाव 99 रुपए घटकर 3102 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा मंडी में भी महमाया धान का दाम 100 रुपए की गिरावट के साथ 2200 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। पंजाब के अमृतसर में 1509 धान का मूल्य 248 रुपए लुढ़ककर 2700/3181 रुपए प्रति क्विंटल पर अटक गया।
आवक
भाटापाड़ा में 5-6 हजार बोरी तथा अमृतसर में 16-20 हजार बोरी के बीच धान की दैनिक आवक दर्ज की गई। वहां तरन तारन में भी धान की आवक तेजी से बढ़ने लगी है। 6 सितम्बर को तरन तारन में 10 हजार बोरी धान आया था जो 12 सितम्बर को बढ़कर 25000 बोरी पर पहुंच गया। उत्तर प्रदेश के जहांगीराबाद में भी धान की आवक बढ़ते हुए 10 हजार बोरी पर पहुंच गई। यही स्थिति शाहजहांपुर, अलीगढ़ एवं खैर मंडी में भी देखी गई। 1509 धान की कटाई पहले शुरू हो जाती है।
चावल
जहां तक चावल का सवाल है तो इसका भाव अधिवकंश मंडियों में स्थिर रहा मगर अमृतसर में 1509 स्टीम का दाम 250 रुपए लुढ़ककर 6800/6850 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया।
उत्तराखंड / राजस्थान
उत्तराखंड की नगर मंडी में विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल की कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही। राजस्थान के बूंदी में 100 रुपए का उतार-चढ़ाव रहा मगर हरियाणा की बेंचमार्क करनाल मंडी में कुछ किस्मों के चावल का दाम 200 रुपए तेज हो गया। दिल्ली के नया बाजार में भी 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी रही।
