साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

23-May-2026 08:16 PM

सामान्य से कम कारोबार के कारण धान-चावल का भाव नरम 

नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्तर पर कुछ ही मंडियों में बासमती तथा 'ए' ग्रेड धान की आवक सीमित मात्रा में हो रही है और इसमें ज्यादा कारोबार भी नहीं हो रहा है। 16-22 मई वाले सप्ताह के दौरान धान तथा चावल के दाम में आमतौर पर भारी गिरावट दर्ज की गई। 
दिल्ली 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 1500-2500 बोरी धान की दैनिक आवक हुई और केवल 1509 हैण्ड में थोड़ा-बहुत कारोबार हुआ। छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में धान की आपूर्ति अपेक्षाकृत अधिक हुई लेकिन सामान्य कारोबार के कारण कीमतों में स्थिरता देखी गई। 
उत्तर प्रदेश 
उत्तर प्रदेश की शाहजहांपुर मंडी में रोजाना करीब 2000 बोरी धान पहुंचा मगर कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। राजस्थान की बूंदी एवं कोटा मंडी में क्रमश: 1500-2000 बोरी तथा 700-1000 बोरी के बीच धान की दैनिक आपूर्ति हुई मगर मिलर्स / प्रोसेसर्स की कमजोर मांग के कारण कीमतों में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो इसके मूल्य में भी आम तौर पर स्थिरता या नरमी दर्ज की गई। ईरान-अमरीका के बीच जारी तनाव एवं होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों के आवागमन में व्यवधान के कारण पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व एवं खाड़ी क्षेत्र के देशों में भारत से बासमती चावल का निर्यात प्रभावित हो रहा है। 
अमृतसर 
अमृतसर में विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल की कीमतों में 200 से 450 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट दर्ज की गई। बूंदी मंडी में भी चावल का दाम 200-400 रुपए प्रति क्विंटल नरम रहा। दिल्ली के नया बाजार की स्थिति भी इससे भिन्न नहीं रही। लेकिन एक-दो मंडियों में भाव कुछ सुधर गया।