Home News
19-Nov-2026 06:56 PM
सरकारी बिकवाली बढ़ने तथा दाल मिलों की कमजोर मांग के चलते मसूर की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। बंदरगाहों पर आयातित मसूर का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और लगातार नई शिपमेंट आने से आपूर्ति मजबूत बनी हुई है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया एवं कनाडा में मसूर का उत्पादन अनुमान अधिक रहने से बाजार की धारणा कमजोर हुई है।
घरेलू दाल मिलों में आयातित मसूर का उपयोग बढ़ने के बावजूद पर्याप्त उपलब्धता के कारण कीमतों में तेजी की संभावना सीमित बनी हुई है। वहीं, केंद्रीय पूल में मसूर का स्टॉक लगभग 5.3 लाख टन बताया जा रहा है। सरकार इस स्टॉक से भी लगातार बिक्री कर रही है।
इसी क्रम में नेफेड की मध्य प्रदेश स्थित भोपाल यूनिट ने रबी 2024 की मसूर बेचने के लिए बुधवार को इलेक्ट्रॉनिक नीलामी के माध्यम से बोलियां आमंत्रित की हैं। इससे बाजार में सरकारी आपूर्ति बढ़ने की संभावना है।
आगे बाजार का रुख: आयातित मसूर का पर्याप्त स्टॉक, लगातार नई शिपमेंट, कमजोर मांग, प्रमुख उत्पादक देशों में बेहतर उत्पादन अनुमान तथा सरकारी बिकवाली को देखते हुए कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। फिलहाल मसूर में बड़ी तेजी की संभावना कम है और बाजार में हल्की नरमी का रुख रह सकता है।