Home News

विभिन्न कारणों से जीरा के दाम में आ रही तेजी

19-Nov-2026 03:41 PM

विभिन्न कारणों से जीरा के दाम में आ रही तेजी

राजकोट। हाल के महीनों में विभिन्न कारणों से जीरा का भाव तेजी से बढ़ा है और अब भी इसमें मजबूती का माहौल बना हुआ है। गुजरात एवं राजस्थान के महत्वपूर्ण उत्पादक इलाकों में खेतों की मिटटी में पर्याप्त नमी मौजूद नहीं होने से जीरा की बिजाई एवं फसल की प्रगति प्रभावित होने की आशंका है।

दूसरी ओर इसकी घरेलू एवं निर्यात मांग काफी मजबूत रहने की उम्मीद है। बड़े-बड़े उत्पादकों एवं स्टॉकिस्टों में जीरा का स्टॉक दबाने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। अगली फसल के प्रति चिंता बरकरार है जो फरवरी-मार्च में तैयार होगी।

कॉमोडिटी एक्सचेंज में सर्वाधिक सक्रिय पोजीशन- दिसम्बर का वायदा अनुबंध मूल्य पिछले दिन बढ़कर 28,330 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया जो गत माह से 4 प्रतिशत तथा पिछले साल की तुलना में 31 प्रतिशत अधिक था।

पिछले करीब 3 से 6 माह के दौरान जीरा का वायदा भाव मुख्यतः 20,000 से 23000 रुपए प्रति क्विंटल के बीच घूमता रहा और अब 23000 रुपए प्रति क्विंटल से काफी आगे बढ़कर 28,000 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर पहुंच गया। 5 अक्टूबर को भी भाव 23,000 रुपए की सीमा को पार कर गया था। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार जैसे ही जीरा का वायदा भाव 23,000 रुपए के स्तर से ऊपर निकला वैसे ही इसमें अच्छी तेजी-मजबूती का दौर शुरू हो गया। आगामी समय में जीरा का वायदा मूल्य और भी बढ़कर 32,000 रुपए प्रति क्विंटल या उससे ऊपर पहुंच सकता है। 

जीरा की खेती अधिकांशतः वर्षा पर आश्रित क्षेत्रों में होती है इसलिए बिजाई प्रगति के समय मिटटी में नमी का पर्याप्त अंश उपस्थित रहना आवश्यक है जो इस बार नहीं देखा जा रहा है। एक समीक्षक का कहना है कि पिछले सीजन के मुकाबले 2026-27 सीजन के दौरान राष्ट्रीय स्तर पर जीरा के बिजाई क्षेत्र में करीब 30 प्रतिशत तथा उत्पादन में 20-25 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।

गुजरात में 16 नवम्बर तक जीरा का कुल क्षेत्रफल 12,437 हेक्टेयर पर पहुंच सका जो गत वर्ष की इसी तिथि के रकबे 40,012 हेक्टेयर से काफी कम और सामान्य औसत क्षेत्रफल 4,82,014 हेक्टेयर का महज 2.6 प्रतिशत है।