Home News
19-Nov-2026 01:12 PM
हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने केन्द्र के पास एक प्रस्ताव भेजा है जिसमें मक्का से खाद्य तेल एक्सट्रैक्शन को व्यावसायिक रूप से लाभप्रद बनाने के उद्देश्य से राज्य में एक 7 वर्षीय अनुसंधान विकास परियोजना चालू करने के लिए 100-150 करोड़ रुपए का वित्तीय अनुदान प्रदान करने का आग्रह किया गया है। ज्ञात हो कि मक्का में 12-14 प्रतिशत तेल का अंश मौजूद रहता है। यदि तेलंगाना के इस प्रस्ताव को केन्द्र सरकार स्वीकार कर लेती है और यह परियोजना सफल हो जाती है तो देश को खाद्य तेल का एक अच्छा उत्पादन स्रोत मिल जाएगा।
भारत फिलहाल खाद्य तेलों की 55-60 प्रतिशत घरेलू मांग एवं जरूरत को विदेशों से आयात के जरिए पूरा करता है और सरकार भी इस निर्भरता को घटाने का हर संभव प्रयास कर रही है।
तेलंगाना प्रान्त में मक्का का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है। यदि खाद्य तेल उत्पादन में इस महत्वपूर्ण मोटे अनाज की खपत बढ़ती है तो वहां किसानों को इसका उत्पादन बढ़ाने का अच्छा प्रोत्साहन मिल सकता है।
तेलंगाना के कृषि मंत्री ने केन्द्रीय कृषि मंत्री को एक पत्र भेजकर उनसे राज्य सरकार के इस प्रस्ताव पर गंभीरतापूर्वक विचार करने का आग्रह किया है। पत्र में केन्द्रीय कृषि मंत्री से एक विशेषज्ञ समिति गठित करने का अनुरोध किया गया है जिसमें भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, प्रोफेसर जयशंकर तेलंगाना कृषि विश्वविद्यालय तथा तिलहन-तेल उद्योग के विशेषज्ञों को शामिल करने का सुझाव दिया गया है।
यह सीमित सम्पूर्ण स्थिति का अध्ययन-आंकलन और विश्लेषण करेगी और एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करेगी। यदि खाद्य तेल उत्पादन में मक्का के उपयोग की परियोजना तेलंगाना में आर्थिक दृष्टिकोण से लाभप्रद साबित हुई तो देश के अन्य प्रमुख मक्का उत्पादक राज्यों में भी इसे शुरू किया जा सकता है।