Home News
19-Nov-2026 11:08 AM
मक्का का उत्पादन अधिक होने के बावजूद एथेनॉल कंपनियों की प्रतिस्पर्धात्मक खरीदारी से कीमतों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की जा रही है। पिछले महीने हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश में मक्का के भाव 2,600 रुपये तथा बिहार में 2,700 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास थे, जो अब बढ़कर 3,200-3,300 रुपये प्रति क्विंटल हो गए हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए हरियाणा एवं पंजाब में भाव जल्द ही 3,600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश एवं बिहार में मक्का की लगभग 90 प्रतिशत बिकवाली हो चुकी है। अब मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, बैतूल, गुना , सिवनी तथा महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र में नई मक्का की आवक शुरू हो रही है। मध्य प्रदेश में पिछले महीने 2,200-2,300 रुपये प्रति क्विंटल बिकने वाली मक्का अब बढ़कर 3,025-3,050 रुपये प्रति क्विंटल हो गई है। वहीं हरियाणा, पंजाब एवं उत्तर प्रदेश में 3,200-3,250 रुपये तथा बिहार में 3,300 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव पहुंच गए हैं।
मक्का में तेजी का प्रमुख कारण एथेनॉल कंपनियों की बढ़ती खरीदारी है। चावल एवं गन्ने से एथेनॉल उत्पादन पर लगी रोक के चलते कंपनियों की मक्का पर निर्भरता बढ़ी है। इसके अलावा पोल्ट्री एवं स्टार्च मिलों की मांग भी मजबूत बनी हुई है। प्रतिकूल मौसम एवं अल नीनो के प्रभाव से चावल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका ने भी मक्का की मांग को समर्थन दिया है।
वर्तमान में मक्का की खपत पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत बढ़ गई है। इसका सीधा लाभ किसानों को मिल रहा है। मध्य प्रदेश में पिछले वर्ष की तुलना में मक्का के भाव 1,000-1,100 रुपये प्रति क्विंटल तक ऊंचे चल रहे हैं।
आगे बाजार का रुख: एथेनॉल कंपनियों की खरीदारी और पोल्ट्री एवं स्टार्च मिलों की मांग मजबूत रहने से मक्का में तेजी का रुख बना रह सकता है। हरियाणा एवं पंजाब में भाव 3,600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि, मौजूदा ऊंचे भावों पर व्यापारियों को सावधानी के साथ कारोबार करना चाहिए।