Home News

अल नीनो की वजह से पाम तेल का भाव मजबूत रहने की संभावना

19-Nov-2026 02:02 PM

अल नीनो की वजह से पाम तेल का भाव मजबूत रहने की संभावना

सिंगापुर। हालांकि मलेशिया में पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक तेजी से बढ़कर 35 लाख टन से अधिक के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है जिससे कीमतों पर दबाव देखा जा रहा है लेकिन उद्योग समीक्षकों का कहना है कि अगर इंडोनेशिया में बायोडीजल निर्माण में 50 प्रतिशत पाम तेल के अनिवार्य उपयोग का नियम प्रभावी हुआ और अल नीनो मौसम चक्र के प्रकोप से दक्षिण-पूर्व एशिया में सूखे की स्थिति बनी रही तो क्रूड पाम तेल के उत्पादन में गिरावट आने तथा कीमत मजबूत रहने की संभावना बढ़ जाएगी। इंडोनेशिया में पाम तेल का निर्यात योग्य स्टॉक कम बचेगा जिससे भारत जैसे शीर्ष आयातक देशों की कठिनाई बढ़ जाएगी। 

एक अग्रणी विश्लेषक फर्म ने पहले वर्ष 2026 में क्रूड पाम तेल का औसत मूल्य 4453 रिंगिट प्रति टन रहने का अनुमान लगाया था जिसे अब घटाकर 4382 रिंगिट प्रति टन नियत कर दिया है। इससे संकेत मिलता है कि चालू वर्ष की चौथी तिमाही में भाव आमतौर पर नरम रह सकता है। 

विश्लेषक फर्म के मुताबिक चालू वर्ष के शेष दिनों में कुआलालम्पुर स्थित बुर्सा मलेशिया डेरिवेटिव्स (बीएमडी) एक्सचेंज में सीपीओ का वायदा भाव सीमित उतार-चढ़ाव के साथ निश्चित सीमा में घूमता रहेगा मगर अगले साल यह 4500 रिंगिट प्रति टन तक या उससे ऊपर पहुंच सकता है।