Home News

ऊंचे सरकारी स्टॉक के बावजूद तुवर के दाम में तेजी बरकरार

19-Nov-2026 12:32 PM

ऊंचे सरकारी स्टॉक के बावजूद तुवर के दाम में तेजी बरकरार

मुम्बई। केन्द्र सरकार के पास फिलहाल करीब 9.70 लाख टन अरहर (तुवर) का विशाल स्टॉक मौजूद है लेकिन फिर भी इसके घरेलू बाजार भाव में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। म्यांमार तथा अफ्रीकी देशों से नियमित रूप से इसका आयात हो रहा है लेकिन घरेलू उत्पादन में भारी गिरावट आने की आशंका है जिसका मनोवैज्ञानिक असर देखा जा रहा है। 

सरकारी तुवर की बिक्री नगण्य होने तथा नए माल की आवक में देरी होने से घरेलू प्रभाग में इस महत्वपूर्ण दलहन की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति जटिल होती जा रही है ज्ञात हो कि देश में चना के बाद तुवर की ही सर्वाधिक खपत होती है। मार्च 2027 तक तुवर का शुल्क मुक्त आयात करने की अनुमति पहले ही दी जा चुकी है। इस समय सीमा को आगे और बढ़ाए जाने की उम्मीद है क्योंकि घरेलू फसल काफी कमजोर है। 

सरकारी आंकड़ों के अनुसार 16 नवम्बर को अखिल भारतीय स्तर पर तुवर दाल का औसत खुदरा मूल्य बढ़कर 135.78 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गया जो गत माह से 3.6 प्रतिशत तथा पिछले साल के मूल्य स्तर से 20.2 प्रतिशत ज्यादा था। इसी तरह उड़द दाल का खुदरा मूल्य अक्टूबर की तुलना में 1.36 प्रतिशत तथा नवम्बर 2025 के मुकाबले 12.1 प्रतिशत लुढ़ककर 126.84 रुपए प्रति किलो हो गया।

चना दाल भी 12.5 प्रतिशत बढ़कर 95.66 रुपए प्रति किलो पर पहुंचा। तुवर दाल में सबसे ज्यादा तेजी देखी गई। जब तक सरकारी स्टॉक का माल तेजी से नहीं उतारा जाता तब तक तुवर साबुत एवं दाल की कीमतों में ज्यादा नरमी आना मुश्किल लगता है। यह दीर्घकालीन चुनौती है।