सरकार को आगामी महीनों में खाद्य महंगाई में कमी आने की उम्मीद
26-Nov-2024 08:09 PM
नई दिल्ली । सरकार को उम्मीद है कि शानदार घरेलू उत्पादन एवं आपूर्ति- उपलब्धता की सुगम स्थिति को देखते हुए आगामी महीनों के दौरान खाद्य महंगाई में तेजी की रफ्तार समाप्त हो जाएगी या इसकी गति काफी धीमी हो जाएगी।
एक सरकारी रिपोर्ट में कहा गया है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून की भरपूर बारिश होने से खरीफ फसलों का बम्पर उत्पादन हुआ और आर्थिक विकास पर गहरी नजर रखी जा रही है।
खाद्य महंगाई पिछले कई महीनों से सरकार के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। इसे घटाने का उपाय कारगर साबित नहीं हो रहा है।
अक्टूबर 2024 में खुदरा महंगाई की दर उछलकर पिछले 14 महीनों के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया जिसके लिए मुख्यत: सब्जियों के दाम में हुई वृद्धि को कारण माना जा रहा है मगर इसके साथ-साथ कुछ अन्य खाद्य उत्पादों की कीमतों में भी इजाफा हुआ।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अनुकूल मानसून, बांधों-जलाशयों में पानी के ऊंचे स्तर तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में हुई अच्छी बढ़ोत्तरी के कारण रबी फसलों के बिजाई क्षेत्र एवं उत्पादन में भी इजाफा होने की उम्मीद है।
नवम्बर के आरंभ में प्रचलित रूख से संकेत मिलता है कि प्रमुख खाद्य जिंसों की कीमतों में नरमी का माहौल बन रहा है। वैसे भू राजनैतिक कारकों का प्रभाव घरेलू महंगाई एवं आपूर्ति श्रृंखला पर बरकरार रह सकता है।
खाद्य महंगाई में अपेक्षित गिरावट आना अभी मुश्किल लगता है क्योंकि रबी फसलों की बिजाई एवं प्रगति उत्साहवर्धक नहीं है। ऊंचे तापमान की वजह से बिजाई का समीकरण बिगड़ रहा है।
