सस्कैचवान में बारिश के कारण फसलों की कटाई की गति धीमी

19-Sep-2025 06:05 PM

सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान के अनेक भागों में 9 से 15 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान जारी बारिश होने से किसानों को अपनी फसलों की कटाई-तैयारी की गति धीमी करनी पड़ी। 15 सितम्बर तक पूरे  राज्य में महज 53 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की कटाई संभव हो सकी

जो गत वर्ष की समान अवधि की कटाई 73 प्रतिशत तथा 10 वर्षीय औसत कटाई 62 प्रतिशत से काफी पीछे है। हालांकि इस वर्ष से पकी हुई फसलों की क्वालिटी प्रभावित होने की आशंका है लेकिन इससे खेतों की मिटटी में नमी का अंश बढ़ने से कुछ फसलों को फायदा भी हो सकता है। 

फसलों की कटाई की रफ्तार सस्कैचवान के दक्षिणी पश्चिमी भाग में सबसे तेज है जहां 66 प्रतिशत क्षेत्र में फसल काटी जा चुकी है। इसके बाद दक्षिण पूर्वी भाग में 58 प्रतिशत, मध्य पश्चिमी एवं पूर्वोत्तर भाग में 47-47 प्रतिशत, मध्य पूर्वी भाग में 46 प्रतिशत तथा पूर्वोत्तर भाग में 42 प्रतिशत क्षेत्र में फसलों की कटाई पूरी होने की सूचना है। 

15 सितम्बर 2025 तक सस्कैचवान प्रान्त में शीतकालीन गेहूं एवं राई फसल की कटाई-तैयारी पूरी हो गई जबकि मटर की 96 प्रतिशत तथा मसूर की 91 प्रतिशत फसल काटी जा चुकी थी। अगले कुछ दिनों में इसकी भी पूरी फसल कट जाने की संभावना है।

इसके अलावा ट्रिटीकेल की 75 प्रतिशत, जौ की 72 प्रतिशत, ड्यूरम गेहूं की 66 प्रतिशत, वसंतकालीन गेहूं की 56 प्रतिशत, जई की 52 प्रतिशत तथा कैलेरी सीड की 20 प्रतिशत फसल की कटाई पूरी हुई है।

काबुली चना की कटाई 67 प्रतिशत, सरसों की 41 प्रतिशत, कैनोला की 21 प्रतिशत, सोयाबीन की 13 प्रतिशत तथा अलसी की 6 प्रतिशत फसल काटी गई है। राज्य के विभिन्न भागों में फसलों की औसत उपज दर तथा क्वालिटी अलग-अलग देखी जा रही है।