सस्कैचवान में मटर की खरीद-बिक्री की गति काफी धीमी
17-Sep-2026 01:26 PM
सस्काटून। हालांकि कनाडा के सबसे प्रमुख दलहन उत्पादक प्रान्त- सस्कैचवान में मटर फसल की जोरदार कटाई-तैयारी जारी है और भारी-गिरावट पिछला बकाया स्टॉक भी मौजूद है लेकिन आगे दाम बढ़ने की उम्मीद से उत्पादक इसका स्टॉक रोकने का प्रयास कर रहे हैं जिसमें मंडियों में इसकी खरीद-बिक्री की गति काफी धीमी देखी जा रही है। व्यापारियों एवं निर्यातकों का ध्यान विदेशी बाजारों पर केन्द्रित है और वे उसके अनुरूप ही मटर खरीद की अपनी रणनीति बना रहे हैं।
खरीदार कनाडा में मटर के उत्पादन का अंतिम आंकड़ा सामने आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं और इसलिए ऊंचे दाम पर जल्दबाजी में इसे खरीदने के इच्छुक नहीं हैं। चालू मार्केटिंग सीजन (अगस्त 2026- जुलाई- 2027) के आरंभ में लगभग 11.80 लाख टन मटर का विशाल पिछला बकाया स्टॉक मौजूद था जो 2024-25 सीजन की तुलना में करीब 7 लाख टन तथा 2023-24 सीजन के मुकाबले लगभग 9 लाख टन ज्यादा है। इसके फलस्वरूप मटर की कीमतों पर भारी दबाव बना हुआ है।
कनाडा के लिए अभी एक प्लस प्वाइंट यह है कि रूस से काला सागर के जलमार्ग से मटर का शिपमेंट प्रभावित हो रहा है। यदि यह स्थिति जल्दी समाप्त नहीं हुई तो चीन और भारत जैसे अग्रणी आयातक देशों में कनाडाई मटर की मांग बढ़ सकती है। भारत में केवल पीली मटर का आयात होता है और हाल के सप्ताहों में इसका घरेलू बाजार भाव कुछ मजबूत हुआ है।
