उत्पादन घटने की संभावना से कनाडा में हरी मसूर का भाव मजबूत

17-Sep-2026 12:27 PM

रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में हरी मसूर के नए माल की कीमत थोड़ी मजबूत हो गई है क्योंकि उत्पादन घटने की आशंका से खरीदार इसकी लिवाली में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। नम्बर 2 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य सुधरकर 25-27 सेंट प्रति पौंड तथा नम्बर 1 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का भाव 22-23 सेंट प्रति पौंड पर पहुंच गया। लेकिन पिछले स्टॉक वाले माल का दाम कुछ नीचे चल रहा है क्योंकि उसका समुचित कारोबार नहीं हो रहा है।

जहां तक लाल मसूर की बात है तो इसके नम्बर 2 ग्रेड वाले माल का भाव 26 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ है। इसमें कारोबार भी सीमित हो रहा है। कनाडाई उत्पादकों एवं निर्यातकों को उम्मीद है कि भारत में कमजोर मानसून के कारण दलहनों का उत्पादन प्रभावित होने पर विदेशों से हरी मसूर का आयात बढ़ सकता है जिसे तुवर का एक बेहतर विकल्प माना जाता है। कनाडा हरी मसूर का प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है और भारत की मजबूत मांग से उसे निर्यात बढ़ाने में सफलता मिल सकती है। 

कनाडा में मसूर फसल की कटाई-तैयारी अभी जारी है लेकिन खराब मौसम के कारण अक्सर इसमें बाधा पड़ रही है। इस बार वहां मसूर के बिजाई क्षेत्र में कमी आई है और फसल की औसत उपज दर भी कुछ नीचे देखी जा रही है। बेमौसमी वर्षा से दाने की क्वालिटी प्रभावित हो रही है इसलिए अच्छे माल का निर्यात योग्य स्टॉक कम रह सकता है।