सस्कैचवान प्रान्त में विभिन्न फसलों की बिजाई में अच्छी प्रगति
23-May-2025 04:10 PM
सस्काटून। कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक प्रान्त सस्कैचवान में हाल के दिनों में हुई बारिश से सूखे का संकट आंशिक रूप से दूर हो गया है और किसानो को विभिन्न फसलों की बिजाई की रफ्तार बढ़ाने में अच्छी सहायता मिल रही है।
किसान आमतौर पर परम्परागत फसलों की खेती पर ही ध्यान केन्द्रित कर रहे है इसलिए किसी भी फसल के रकबे में भारी वृद्धि या कमी की संभावना नहीं है।
आधिकारिक आकड़ो के अनुसार 19 मई 2025 तक सस्कैचवान प्रांतो में लगभग 72 प्रतिशत कृषि क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बिजाई की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी। मटर का बिजाई क्षेत्र 92 प्रतिशत तथा मसूर का क्षेत्रफल 90 प्रतिशत पर पहुंच चुका था।
इसके अलावा करीब 83 प्रतिशत चिन्हित क्षेत्र में काबुली चना की बिजाई भी हो गई थी। दलहन फसलों की खेती में किसानो की अच्छी दिलचस्पी बनी हुई है।
इसके मुकाबले अनाजी फसलों एवं तिलहनों की बिजाई की गति धीमी है क्योंकि इसकी आदर्श अवधि समाप्त होने में अभी काफी टाइम बचा हुआ है।
आधिकारिक आकड़ो के अनुसार 80 प्रतिशत भाग में बसंतकालीन गेहूं, 71 प्रतिशत भाग में जौ तथा 55 प्रतिशत क्षेत्र में जई की बिजाई पूरी हो गई। उम्मीद की जा रही है कि मध्य जून तक इसकी सम्पूर्ण बिजाई हो जाएगी।
जहां तक तिलहनों का सवाल है तो सस्कैचवान में सरसो का क्षेत्रफल 84 प्रतिशत, कैनोला का 58 प्रतिशत, अलसी का 50 प्रतिशत तथा सोयाबीन का रकबा 31 प्रतिशत पर पहुंच चुका है
उल्लेखनीय है कि कनाडा दुनिया में मसूर एवं कैनोला का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि मटर तथा गेहूं के उत्पादन एवं निर्यात में विश्व के अग्रणी देशो की सूची में शामिल है।
