सस्ते सरकारी गेहूं की खरीद में मिलर्स- प्रोसेसर्स की जबरदस्त दिलचस्पी

13-Dec-2024 11:20 AM

नई दिल्ली । खुले बाजार बिक्री योजना (ओएमएसएस) के तहत भारतीय खाद्य निगम द्वारा आयोजित दूसरी साप्ताहिक ई-नीलामी के लिए दिए गए एक लाख टन गेहूं के ऑफर का लगभग सम्पूर्ण भाग मिलर्स- प्रोसेसर्स द्वारा खरीद लिया गया।

इससे पूर्व पहली नीलामी में भी एक लाख टन गेहूं की बिक्री का ऑफर दिया गया था और उसकी पूरी मात्रा की खरीद कर ली गई थी। इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि गेहूं की खरीद में मिलर्स- प्रोसेसर्स का जबरदस्त उत्साह एवं आकर्षक बरकरार है क्योंकि यह सस्ते दाम पर उपलब्ध हो रहा है। 

11 दिसम्बर को आयोजित दूसरी साप्ताहिक नीलामी में 1480 प्रोसेसर्स ने भाग लिया और एक लाख टन के कुल ऑफर में से 99,815 टन गेहूं की खरीद कर ली।

मिलर्स-प्रोसेसर्स लम्बे समय से सरकारी गेहूं की बिक्री का इंतजार कर रहे थे और जब इसकी शुरुआत हुई तो वे इस अवसर का भरपूर फायदा उठा रहे हैं।

इससे पहले प्रथम साप्ताहिक नीलामी में 1501 प्रोसेसर्स द्वारा 98,700 टन सरकारी गेहूं खरीदा गया था। इसमें राजस्थान की एक शीर्ष कम्पनी भी शामिल थी जो राष्ट्रीय स्तर के ब्रांड की मालिक है। उसने 100 टन गेहूं की खरीद की। अन्य मिलर्स प्रोसेसर्स भी अधिकतम मात्रा में गेहूं खरीद रहे हैं। 

दूसरी साप्ताहिक नीलामी के तहत देश के 23 राज्यों / केन्द्र शासित प्रदेशों में बिडिंग की प्रक्रिया आयोजित हुई जिसमें से 19 प्रांतों के लिए नियत गेहूं के 100 प्रतिशत कोटे की खरीद हो गई।

3 राज्यों में 99 प्रतिशत तथा पूर्वोत्तर क्षेत्र में 85 प्रतिशत गेहूं खरीदा गया। पिछली नीलामी में वहां लगभग 60 प्रतिशत गेहूं की ही खरीद हो पाई थी।

उल्लेखनीय है कि देश के 10 शीर्ष खपतकर्ता राज्यों- उत्तर प्रदेश, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल तथा आसाम के लिए 70 हजार टन से अधिक गेहूं की बिक्री का ऑफर दिया गया था और वहां 1062 बिडर्स द्वारा 70,500 टन की पूरी मात्रा की खरीद कर ली गई।