स्टॉक कम होने से ऑस्ट्रेलियाई चना के निर्यात में गिरावट
19-Sep-2025 08:51 PM
मेलबोर्न। ऑस्ट्रेलिया से जून में 42,629 टन देसी चना का निर्यात हुआ था जो जुलाई में 41 प्रतिशत घटकर 24,951 टन पर अटक गया। इसमें से 21,922 टन का शिपमेंट अकेले पाकिस्तान को किया गया जबकि कनाडा को 1487 टन तथा इंग्लैंड को 658 टन का निर्यात हुआ। इससे पूर्व मई में ऑस्ट्रेलिया से 12,935 टन चना का निर्यात हुआ था।
इस तरह मई-जुलाई की तिमाही में वहां से कुल 80,515 टन चना का निर्यात शिपमेंट हुआ। दिलचस्प तथ्य यह है कि पिछले साल मई-जुलाई में भारत ऑस्ट्रेलियाई चना का सबसे प्रमुख खरीदार रहा था जबकि चालू वर्ष की इसी अवधि में वहां से चना का आयात बिल्कुल बंद हो गया।
एक अग्रणी व्यापार विश्लेषक के अनुसार मध्यवर्ती क्वींसलैंड प्रान्त के दो बंदरगाहों- ग्लैडस्टोन तथा मकाय से नए चने का निर्यात शिपमेंट मध्य अक्टूबर से आरंभ हो सकता है क्योंकि वहां नई फसल की कटाई-तैयारी आरंभ होने वाली है।
अगस्त एवं सितम्बर में ऑस्ट्रेलिया से काफी कम मात्रा में चना का निर्यात होने का अनुमान है क्योंकि वहां इसका स्टॉक बहुत कम बचा है। लेकिन अक्टूबर से निर्यात शिपमेंट पुनः जोर पकड़ सकता है।
मई-जुलाई 2025 की तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कुल 80,515 टन चावल का निर्यात हुआ जिसमें से 70,462 टन का शिपमेंट सिर्फ पाकिस्तान को किया गया
इसके अलावा कनाडा को 4020 टन, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को 1667 टन, इंग्लैंड को 1753 टन, नेपाल को 624 टन तथा बांग्ला देश को 621 टन चना भेजा गया। आगामी महीनों में बांग्ला देश अच्छी मात्रा में ऑस्ट्रेलियाई चना की खरीद कर सकता है
