सितम्बर के लिए 23 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा घोषित होने की संभावना

26-Aug-2025 03:53 PM

नई दिल्ली। उद्योग व्यापार क्षेत्र के विश्लेषकों का मानना है कि सितम्बर-2025 में केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय द्वारा घरेलू प्रभाग में बिक्री के लिए 22.50-23.00 लाख टन तक चीनी का कोटा घोषित कर सकती है जो अगस्त माह के लिए नियत कोटे के बराबर या उससे कुछ अधिक हो सकता है।

हालांकि नवरात्रि पर्व की वजह से चीनी की मांग में कुछ बढ़ोत्तरी हो सकती है मगर यह मांग सितम्बर के प्रथम पखवाड़े तक ही सीमित रह सकती है क्योंकि व्यापारी-स्टॉकिस्ट पर्व शुरू होने से पहले ही चीनी खरीदकर उसका स्टॉक बना लेंगे। 

सरकार द्वारा 28-29 अगस्त तक सितम्बर माह के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित किए जाने की संभावना है। जोरदार मानसूनी बारिश एवं कई इलाकों में आई भयंकर बाढ़ से चीनी की खपत प्रभावित होने की आशंका है। इसी तरह तापमान में आई गिरावट के कारण औद्योगिक मांग भी कमजोर रह सकती है।

एक उद्योग विश्लेषक के अनुसार अगस्त के कोटे से चीनी की जितनी अनबिकी मात्रा बचेगी उसे सितम्बर में बेचने की अनुमति दी जा सकती है।

स्वयं अगस्त माह के लिए चीनी का सामान्य कोटा जारी किया गया था लेकिन फिर भी उठाव कम होने से इसका कुछ अनबिका स्टॉक मौजूद रहने की उम्मीद है। यद्यपि अगस्त के प्रथम हाफ में चीनी की अच्छी मांग देखी गई मगर दूसरे हाफ में वर्षा-बाढ़ के कारण मांग सुस्त पड़ गई। 

अगस्त 2025 के लिए सरकार द्वारा 22.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा नियत किया गया जो जुलाई 2025 तथा अगस्त 2024 के लिए घोषित 22-22 लाख टन के कोटे से 2 प्रतिशत ज्यादा है।

यद्यपि विभिन्न पर्व त्यौहारों को देखते हुए अगस्त माह के कोटे को पहले छोटा माना जा रहा था और शुरुआती दौर में इसकी मांग भी मजबूत रही थी लेकिन बाद में यह कमजोर पड़ गई।

अब सितम्बर में 7 तारीख से पितर पक्ष आरंभ हो जाएगा जो 21 तारीख तक रहेगा और फिर 22 तारीख से नवरात्रि का पर्व शुरू हो जाएगा।

व्यापारिक सूत्रों के अनुसार अगस्त के शुरुआती दो सप्ताहों के दौरान चीनी के दाम में 90-100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी आई थी लेकिन बाद में ऊंचे मूल्य पर मांग नहीं रह सकी।

वर्तमान समय में चीनी का घरेलू बाजार भाव (वस्तुतः मिल डिलीवरी मूल्य) 3890 से 4180 रुपए प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है जो मिलर्स के लिए लाभप्रद माना जा रहा है।