सितम्बर माह के लिए 23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा निर्धारित
29-Aug-2025 04:36 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- चीनी एवं वनस्पति तेल निदेशालय ने सितम्बर 2025 के दौरान घरेलू प्रभाग में बेचने के लिए देश भर की सभी 582 इकाइयों के वास्ते कुल 23.50 लाख टन चीनी का कोटा निर्धारित किया है जो अगस्त के कोटे से एक लाख टन ज्यादा है।
सितम्बर 2024 में भी 23.50 लाख टन चीनी का फ्री सेल कोटा जारी हुआ था। इस बार सितम्बर में ही पितर पक्ष एवं नवरात्रि भी है इसलिए चीनी की मांग कुछ बढ़ सकती है।
उम्मीद की जा रही है कि सितम्बर के प्रथम सप्ताह के बाद मानसून की सक्रियता घट जाएगी और चीनी बाजार में कारोबार सामान्य ढंग से होने लगेगा।
सितम्बर माह के लिए चीनी का फ्री सेल कोटा उत्तराखंड में 44,674 टन, उत्तर प्रदेश में 9,50,393 टन, तेलंगाना में 3797 टन, तमिलनाडु में 52,316 टन, राजस्थान में 2102 टन, पंजाब में 42,598 टन, उड़ीसा में 3262 टन, महाराष्ट्र में 7,10,537 टन, मध्य प्रदेश में 49,309 टन, कर्नाटक में 2,81,646 टन, हरियाणा में 51,187 टन, गुजरात में 89,720 टन, छत्तीसगढ़ में 1185 टन, बिहार में 57,801 टन तथा आंध्र प्रदेश में 9473 टन नियत किया गया है।
त्यौहारी सीजन में चीनी की मांग एवं खपत अक्सर बढ़ जाती है इसलिए फ्री सेल कोटा भी कुछ बढ़ा दिया जाता है। 23.50 लाख टन का कोटा सितम्बर की मांग को पूरा करने के लिए पर्याप्त हो सकता है और साथ ही साथ यह देखना भी आवश्यक होगा कि अगस्त माह के लिए नियत कोटे की सारी चीनी बिक गई या कुछ स्टॉक अनबिका रह गया।
सितम्बर चीनी के मार्केटिंग सीजन का अंतिम महीना होता है। अक्टूबर से 2025-26 का नया मार्केटिंग सीजन आरम्भ हो जाएगा। उद्योग के पास पिछला स्टॉक कम बचा है लेकिन फिर भी घरेलू प्रभाग में इसके अभाव का संकट उत्पन्न होने की संभावना नहीं है।
