सोयाबीन की कम क्रशिंग होने के कारण अर्जेन्टीना से सोया तेल का निर्यात घटने की संभावना

08-Sep-2025 06:20 PM

मुम्बई। लैटिन अमरीकी देश- अर्जेन्टीना में सोयाबीन की क्रशिंग- प्रोसेसिंग की गति धीमी होने से सोया तेल का सीमित उत्पादन हो रहा है जिससे इसके निर्यात प्रदर्शन पर असर पड़ने लगा है।

जून में अर्जेन्टीना से करीब 5.90 लाख टन सोयाबीन तेल का निर्यात हुआ जबकि सितम्बर तक इसकी मात्रा घटकर 4 लाख टन के आसपास सिमट जाने की संभावना है। इसके फलस्वरूप  सोया तेल की कीमतों में तेजी आ सकती है।

उद्योग समीक्षकों के अनुसार अर्जेंटीना में सोयाबीन तेल का निर्यात ऑफर मूल्य 1080 डॉलर प्रति टन से ऊपर ही रहने के आसार हैं। अगले महीने से अर्जेन्टीना में सोयाबीन की बिजाई आरम्भ होने वाली है

जबकि ब्राजील में बिजाई का सीजन 1 सितम्बर से शुरू हो चुका है। सोयामील का वायदा भाव अक्टूबर तक घटकर 255 डॉलर प्रति टन के निचले स्तर पर आने का अनुमान है लेकिन उसके बाद कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बन सकता है।  

उधर काला सागर क्षेत्र के देशों में सोयाबीन तेल का निर्यात ऑफर मूल्य नरम पड़ गया है। अफ्रीकी देश- मिस्र द्वारा अमरीका से प्रतिस्पर्धी मूल्य पर सोयाबीन एवं सोया तेल का आयात नियमित रूप से किया जा रहा है।

अमरीकी क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल की पहुंच का खर्च 1160 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है जिसमें मिस्र के बंदरगाह तक माल के पहुंचने का शिपमेंट चार्ज भी शामिल है। 

चीन में पिछले सप्ताह करीब 22.40 लाख टन सोयाबीन की क्रशिंग हुई जो उससे पूर्ववर्ती सप्ताह से कुछ कम मगर गत वर्ष की समान अवधि की तुलना में ज्यादा रही।

भारत में अर्जेन्टीना एवं ब्राजील के साथ-साथ रूस से भी सोयाबीन तेल का आयात बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है जबकि रूस भारत को सूरजमुखी तेल का सबसे प्रमुख आपूर्तिकर्ता देश बना हुआ है।