सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन 42.80 करोड़ टन के शीर्ष पर पहुंचने का अनुमान
26-May-2025 08:35 PM
लंदन। लैटिन अमरीकी देशों और खासकर ब्राजील में रिकॉर्ड उत्पादन तथा अर्जेन्टीना में उत्साहवर्धक उत्पादन को देखते हुए इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने 2024-25 के मुकाबले 2025-26 सीजन के दौरान सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन 2 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 42.80 करोड़ टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।
ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि अमरीका दूसरे एवं अर्जेन्टीना तीसरे नम्बर पर है। 2024-25 के वर्तमान सीजन के दौरान ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन तेजी से बढ़कर 1690 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है।
वहां फसल की कटाई-तैयारी समाप्त हो चुकी है। ब्राजील के पड़ोसी देश- अर्जेन्टीना में 480-490 लाख टन सोयाबीन के उत्पादन की संभावना व्यक्त की गई है। वहां फसल की कटाई अभी जारी है।
अमरीका में सोयाबीन की बिजाई आरंभ हो चुकी है जबकि ब्राजील- अर्जेन्टीना में सितम्बर-अक्टूबर में उस समय शुरू होगी जब अमरीका में फसल की कटाई-तैयारी हो रही होगी।
आईजीसी के अनुसार सोयाबीन का वैश्विक व्यापार गत वर्ष के 18.10 करोड़ टन से 20 लाख टन बढ़कर इस वर्ष 18.30 करोड़ टन पर पहुंचने की उम्मीद है क्योंकि एशिया तथा अफ्रीका महाद्वीप के परम्परागत आयातक देशों के साथ कुछ अन्य बाजारों में भी उसकी आपूर्ति बढ़ने की उम्मीद है।
चीन दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख आयातक देश है। वह इसका सर्वाधिक आयात ब्राजील से करता है। वस्तुतः ब्राजील से लगभग 70 प्रतिशत सोयाबीन का निर्यात अकेले चीन को किया जाता है। अमरीका से भी सोयाबीन का सर्वाधिक शिपमेंट चीन को ही होता है।
इसके अलावा थाईलैंड, मैक्सिको एवं जापान सहित कई अन्य देश भी विशाल मात्रा में सोयाबीन का आयात करते हैं। अर्जेन्टीना साबुत सोयाबीन के बजाए इसके मूल्य संवर्धित उत्पादों के निर्यात को प्राथमिकता देता है इसलिए वह सोयातेल एवं सोयामील का सबसे बड़ा निर्यातक देश बना हुआ है। भारत में सोयाबीन तेल का सर्वाधिक आयात अर्जेन्टीना से ही किया जाता है।
