Home News

सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन 44.27 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान

13-Oct-2026 04:30 PM

सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन 44.27 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान

शिकागो। सितम्बर की तुलना में अक्टूबर माह की अपनी रिपोर्ट में अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 2026-27 सीजन के लिए सोयाबीन के वैश्विक आरंभिक स्टॉक के अनुमान में कुछ कटौती कर दी है जबकि वैश्विक उत्पादन, क्रशिंग- प्रोसेसिंग, निर्यात तथा अंतिम अधिशेष स्टॉक का अनुमान बढ़ा दिया है। इससे बाजार पर असर पड़ सकता है। 

उस्डा ने सितम्बर की रिपोर्ट में 2026-27 सीजन के दौरान 44.235 करोड़ टन सोयाबीन के वैश्विक उत्पादन का अनुमान लगाया था जिसे अक्टूबर की रिपोर्ट में बढ़ाकर 44.27 करोड़ टन नियत कर दिया है। इसके तहत अमरीका में सोयाबीन की पैदावार में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की संभावना व्यक्त की गई है जबकि भारत और यूरोपीय संघ में उत्पादन घटने का अनुमान लगाया गया है।

उस्डा ने सोयाबीन के वैश्विक आरम्भिक स्टॉक का अनुमान 12.527 करोड़ टन से घटाकर अब 12.493 करोड़ टन निर्धारित किया है। दूसरी ओर इसके वैश्विक निर्यात का अनुमान 19.158 करोड़ टन से बढ़ाकर 19.20 करोड़ टन नियत कर दिया है।

अमरीका तथा नाइजीरिया से सोयाबीन के निर्यात में अच्छी बढ़ोत्तरी होने की संभावना व्यक्त की गई है। 2026-27 सीजन के अंत में सोयाबीन का बकाया अधिशेष स्टॉक 12.428 करोड़ टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है जो सितम्बर की रिपोर्ट में लगाए गए अनुमान 12.402 करोड़ टन से कुछ अधिक है। 2026-27 के सीजन में भी ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश बना रहेगा।