श्रीलंका में 17 दिसम्बर तक 9500 टन चावल का आयात
18-Dec-2024 03:46 PM
कोलम्बो । कस्टम विभाग के अनुसार श्रीलंका में पिछले कुछ दिनों से भारतीय चावल का अच्छा आयात हो रहा है। सरकार ने व्यापारियों को 20 दिसम्बर की मध्य रात्रि तक चावल मंगाने की अनुमति दे रखी है।
इसके तहत 17 दिसम्बर तक वहां कुल 9500 टन चावल मंगाया गया। इसमें करीब 3300 टन केकुलू चावल तथा 6300 टन नाडु चावल का आयात शामिल था।
श्रीलंका में चावल का अभाव महसूस होने के बाद सरकार ने प्राइवेट व्यापारियों को विदेशों से इसका आयात करने की स्वीकृति प्रदान की थी मगर इसकी समयावधि बहुत कम रखी गई है।
वहां नाडु किस्म के चावल की खपत ज्यादा होती है और स्टॉक कम होने से जब घरेलू बाजार भाव बढ़ने लगा तब भारत से आयात शुरू कर दिया गया।
श्रीलंका में चावल की स्थानीय किस्मों का स्टॉक सामान्य है मगर फिर भी कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है। आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति को सुगम बनाने तथा बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए चावल के आयात की आवश्यकता महसूस हुई और भारत से इसे मंगाने पर जोर दिया गया।
अगले तीन दिन (18-20 दिसम्बर) तक वहां और अधिक मात्रा में चावल का आयात होने की उम्मीद है। यदि इससे बात नहीं बनी तो आयात की समयसीमा बढ़ाई जा सकती है।
भारत सरकार ने बासमती एवं गैर बासमती चावल के निर्यात को सभी प्रतिबंधों-नियंत्रणों एवं शुल्कों से पूरी तरह मुक्त कर दिया है जिससे इसके शिपमेंट में इजाफा हो रहा है।
