तंजानिया में काजू का उत्पादन 34 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान

07-Feb-2025 08:23 PM

अदिस अबाबा  । पश्चिमी अफ्रीका में काजू फसल की जोरदार कटाई-तैयारी जारी है जबकि पूर्वी अफ्रीका के देशों में यह धीरे-धीरे समाप्ति की ओर बढ़ रही है। तंजानिया काजू का एक प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां पिछले साल के मुकाबले इस बार उत्पादन में अच्छी वृद्धि देखी जा रही है। 

एक अग्रणी व्यापारिक प्रतिष्ठान के आंकड़ों से पता चलता है कि 2024-25 के वर्तमान सीजन के दौरान तंजानिया में कच्चे काजू का उत्पादन बढ़कर 4,08,600 टन पर पहुंच गया जो गत सीजन के उत्पादन 3.05 लाख टन से 34 प्रतिशत ज्यादा मगर आरंभिक अनुमान 5.95 लाख टन से 31 प्रतिशत कम है।

प्रतिष्ठान के अनुसार 30 जनवरी 2024 तक तंजानिया से 3,37,700 टन काजू का अंतर्राष्ट्रीय बाजार में निर्यात हो चुका था जो कुल अनुमानित उत्पादन का 83 प्रतिशत रहा।

उल्लेखनीय है कि अफ्रीकी देशों में तंजानिया ऐसा पहला देश है जहां कच्चे काजू की आधिकारिक बिक्री नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से की जाती है ताकि उत्पादकों को बेहतर मूल्य  हासिल हो सके।

नीलामी के प्रथम सप्ताह के दौरान कच्चे काजू का मूल्य 4035/4120 शिलिंग (1.48-1.51 डॉलर) प्रति किलो ग्राम के बीच दर्ज किया गया। 

पिछले मार्केटिंग सीजन में कच्चे काजू का नीलामी मूल्य 1500/2500 शिलिंग (0.55-0.91 डॉलर) प्रति किलोग्राम चल रहा था।

2023-24 के मार्केटिंग सीजन के दौरान तंजानिया से 22.71 करोड़ डॉलर मूल्य के काजू का निर्यात किया गया था। भारत में भी तंजानिया से भारी मात्रा में कच्चे काजू का आयात किया जाता है।