तीन माह के राशन के साथ चीनी और नमक का वितरण भी करने की मांग
26-May-2025 12:54 PM
रायपुर। केन्द्र सरकार ने बढ़ते स्टॉक को देखते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत देशभर के लाभार्थियों को एक मुश्त तीन माह का राशन देने का प्लान बनाया है। इसके तहत छत्तीसगढ़ में भी इसकी व्यवस्था की जा रही है।
दरअसल वहां जून, जुलाई तथा अगस्त माह का चावल एक ही साथ लाभार्थियों को दिए जाने का निर्णय लिया गया है ताकि बारिश (मानसून) के दिनों में उसे बार-बार राशन दुकानों का चक्कर लगाने की जरूरत न पड़े।
लाभार्थी इस व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं। उसका कहना है कि चावल के साथ-साथ चीनी और नमक का कोटा भी एक ही साथ वितरित किया जाए अन्यथा उसे प्रत्येक माह राशन दुकानों पर आना ही पड़ेगा।
छत्तीसगढ़ का बलौदा बाजार जिला विकास के मामले में कुछ पिछड़ा हुआ है। वहां बरसात के दिनों में सड़कों की हालत जर्जर हो जाती है और उस पर चलना कठिन होता है।
इसके अलावा भारी वर्षा होने पर कई गांव टापू बन जाते हैं और राशन वितरण केन्द्रों से उसका सम्पर्क टूट जाता है। लाभार्थियों का कहना है कि तीन माह एक मुश्त राशन देना अच्छी बात है लेकिन इसके साथ अगर चीनी तथा नमक का तीन माह का कोटा भी दे दिया जाए तो राहत मिल जाती।
उधर राशन दुकानदारों का कहना है कि अक्सर बारिश के दिनों में सर्वर ठीक से काम नहीं करता या काफी धीमा हो जाता है। ऐसी हालत में राशन वितरण करने में कठिनाई होती है।
तीन माह का राशन वितरण एक साथ करने में व्यावहारिक कठिनाई यह है कि प्रत्येक लाभार्थी से तीन बार अंगूठा लगवाना पड़ेगा और एक-एक लाभार्थी को राशन वितरण के लिए 15-20 मिनट तक का समय लग सकता है।
फिलहाल मई माह के लिए राशन का वितरण हो रहा है जबकि 1 जून से नया सिस्टम लागू होगा। बलौदा बाजार जिले में नई योजना से 13.04 लाख से अधिक लाभार्थियों को फायदा होगा।
जिलाधिकारी ने दुकानदारों को 31 मई तक चावल का पर्याप्त भंडारण करने तथा 30 जून तक तीन माह का राशन वितरण का कार्य पूरा कर लेने का निर्देश दिया है। बारिश के दिनों में राशन दुकानों तक चावल का स्टॉक पहुंचाने में भी भारी कठिनाई होती है।
