तुर्की में गेहूं का उत्पादन 190 लाख टन होने का अनुमान
06-Feb-2025 04:48 PM
अंकारा । अमरीकी कृषि विभाग को विदेश कृषि सेवा के प्रतिनिधि कार्यालय (उस्डा पोस्ट) ने तुर्की में गेहूं का उत्पादन गत वर्ष से 20 लाख टन कम होने का अनुमान लगाया है लेकिन पिछला बकाया स्टॉक ज्यादा होने से उसे खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में विशेष कठिनाई नहीं होगी।
उस्डा पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार तुर्की में गेहूं का बिजाई क्षेत्र 2023-24 सीजन के 72 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 2024-25 के सीजन में 72.50 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर अनेक इलाकों में मौसम शुष्क एवं गर्म रहने से फसल की औसत उपज दर में कमी आ गई। इसके फलस्वरूप वहां गेहूं का कुल उत्पादन 210 लाख टन से घटकर 190 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान है।
रिपोर्ट के मुताबिक तुर्की में 2024-25 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन में 53.0 लाख टन के पिछला बकाया स्टॉक 190 लाख टन के उत्पादन तथा 55 लाख टन के संभावित आयात के साथ गेहूं की कुल उपलब्धता 298.03 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है।
इसमें से 70 लाख टन का निर्यात तथा 200 लाख टन का घरेलू उपयोग होगा और मार्केटंग सीजन के अंत में 28.03 लाख टन का अधिशेष स्टॉक बच जाएगा।
उस्डा पोस्ट के मुताबिक तुर्की में गेहूं की औसत उपज दर 2.62 टन प्रति हेक्टेयर रहने की संभावना है जिससे 72.50 लाख हेक्टेयर के क्षेत्रफल में इसका कुल उत्पादन 190 लाख टन पर पहुंच जाएगा।
उल्लेखनीय है कि तुर्की में रूस एवं यूक्रेन सहित कुछ अन्य देशों में भारी मात्रा में गेहूं का आयात मुख्यत: पुनर्निर्यात उद्देश्य के लिए होता है। वहां मिलर्स प्रोसेसर्स द्वारा गेहूं मंगाया जाता है।
उसकी प्रोसेसिंग करके आटा एवं मैदा जैसे मूल्य संवर्धित उत्पादों का निर्माण किया जाता है और फिर एशिया तथा अफ्रीका के निकटवर्ती देशों को उसका निर्यात कर दिया जाता है।
2022-23 के मार्केटिंग सीजन के दौरान तुर्की में गेहूं का आयात तेजी से बढ़कर 125 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच गया था जो 2023-24 के मार्केटिंग सीजन में घटकर 89.40 लाख टन रह गया। 2024-25 के वर्तमान सीजन में आयात और भी घटकर 55 लाख टन पर सिमट जाने का अनुमान है।
