दो वर्ष बाद बादाम आयात न्यूनतम स्तर पर

12-Sep-2025 07:08 PM

बादामगिरी में तेजी  

नई दिल्ली। बादाम के प्रमुख उत्पादक देश अमेरिका में बादाम का उत्पादन पूर्वानुमानों की तुलना में कम रहने के अनुमानों के चलते अमेरिका में बादाम के भाव बढ़ने शुरू हो गए हैं। भाव बढ़ने एवं जुलाई माह में आयातकों द्वारा अधिक मात्रा में आयात किए जाने के कारण अगस्त माह के दैनिक बादाम का आयात दो वर्षों के बाद न्यूनतम स्तर पर किया गया है। उल्लेखनीय है कि जून- 2023 के दौरान बादाम का आयात 485 कंटेनर का किया गया था। जबकि अगस्त 2025 में आयात 518 कंटेनर का किया गया है। जुलाई 2025 में बादाम का आयात 1453 कंटेनर का हुआ था। गत वर्ष अगस्त 2024 में आयात 881 कंटेनर का किया गया था। 

उत्पादन अनुमान 

जानकार सूत्रों का कहना है कि पूर्व में अनुमान लगाया जा रहा था कि चालू सीजन के दौरान अमेरिका में बादाम का उत्पादन 3000 मिलियन पौंड के आसपास रहेगा। लेकिन हाल ही में माना जा रहा है कि उत्पादन गत वर्ष के 2800 मिलियन पौंड के आसपास रहेगा। जबकि वर्ष 2023 में उत्पादन 2470 मिलियन पोंड का हुआ था।

कुल आयात अधिक 

हालांकि अगस्त माह के दौरान आयात काफी कम मात्रा में हुआ है लेकिन पूर्व के महीनों में आयात अधिक होने के कारण कुल आयात गत वर्ष की तुलना में अधिक रहा है। मिली जानकारी के अनुसार जनवरी-अगस्त 2024 के दौरान बदाम का आयात 7213 कंटेनर का हुआ था जबकि जनवरी-अगस्त- 2025 में आयात 8918 कंटेनर का हुआ है।  

भाव बढ़े 

उल्लेखनीय है कि अधिक उत्पादन के पूर्वानुमानों के चलते जुलाई माह में अमेरिका में बादाम का भाव 2 डॉलर प्रति पौंड बोला जा रहा था और संभावना व्यक्त की जा रही थी कि अगस्त में भाव 1.80/1.85 डॉलर प्रति पौंड का हो जाएगा। लेकिन उत्पादन पूर्वानुमानों की तुलना में कम रहने के समाचारों के चलते वर्तमान में भाव बढ़कर 2.30/2.35 डॉलर प्रति पौंड का हो गया है। 

कीमतों में तेजी 

आयात घटने एवं त्यौहारी मांग को देखते हुए दिल्ली बाजार में बादामगिरी के भाव 35/40 रुपए प्रति किलो तक बढ़ाकर शुरू कर दिए हैं और वर्तमान में भाव 785/790 रुपए प्रति किलो बोला जाने लगा है। सूत्रों का मानना है कि अभी हाल-फिलहाल कीमतों में मंदे की संभावना नहीं है। क्योंकि आगामी दिनों में त्यौहारी मांग बाजार में अच्छी रहेगी। जिस कारण से अभी भाव और बढ़ सकते हैं।