दाहोद में मिलावटी खाद्य तेलों के रैकेट का भंडाफोड़

11-Dec-2024 04:15 PM

बड़ोदरा । गुजरात के कुछ भागों में नकली या मिलावटी खाद्य तेलों का कारोबार तेजी से पनप रहा है जिससे आम लोगों के  स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। अपेक्षाकृत सस्ता होने के कारण लोग इस मिलावटी खाद्य तेल की तरफ आकर्षित हो जाते हैं।

एक नकली सरकारी कार्यालय का पता लगने तथा गैर कृषि भूमि का आर्डर नकली पाये जाने के बाद गुजरात के दाहोद में अब मिलावटी खाद्य तेलों की बिक्री का मामला सामने आया है।

दाहोद पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने शहर के निकट एक औद्योगिक क्षेत्र की एक इकाई से संदिग्ध मिलावटी खाद्य तेल का स्टॉक जब्त किया है जिससे वहां हलचल काफी तेज हो गई है।

एसओजी को सूचना मिली थी कि इस प्लांट से नकली खाद्य तेल की बिक्री हो रही है। जब वहां छापामारी की गई तब 15.45 लाख रुपए मूल्य का तेल पकड़ा गया। 

इस पकड़े गए स्टॉक में मुख्य रूप से संदेहास्पद पाम तेल शामिल था जिसे एक हल्के व्यावसायिक वाहन से उस प्लांट में लाया गया था और प्लांट के अंदर उसे भंडारित किया गया था।

उस वाहन पर 104 टीन में कुल 1505 किलो पाम तेल लाया गया था। छापामारी दल को स्पॉट पर  17 विभिन्न ब्रांडों का स्टीकर मिला। इसके अलावा वहां से 456 पाउच, 24 बोतल तथा 16 जेरीकैन भी बरामद हुआ जिसमें खाद्य तेल भरा हुआ था।

इस दल को प्लांट के अंदर 25,000 लीटर की क्षमता का एक टैंक भी मिला जिसमें लगभग 10,000 टन लीटर संदिग्ध पाम तेल का स्टॉक मौजूद था। इन सभी सामानों का मूल्य 15.45 लाख रुपए आंका गया है।

पुलिस ने इस पुरे घटनाक्रम की जानकारी खाद्य सुरक्षा विभाग तथा अन्य सम्बन्धित अधिकारियों को दे दी है और प्रयोगशाला परीक्षण के लिए खाद्य (पाम) तेल के नमूने (सैम्पल) भी लिया गया है।

प्लांट के अंदर से पाम तेल के खाली बैरल भी बरामद किए गए हैं। ध्यान देने की बात है कि ट्रक पर पाम तेल के जो टीन लाए गए थे उस पर कोई स्टिकर चिपका हुआ नहीं था जिससे पुलिस को संदेह हुआ कि मिलावटी तेल बेचा जा रहा है।